ग्वालियर में पेंट की दुकान में आग लगने से तीन बच्चों सहित सात की मौत

दमकल कर्मियों ने आग पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया गया। राहत कार्य जारी है। कुछ लोगों को सुरक्षित भी निकाला गया है।

जमात

ग्वालियर, 18 मई मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में रोशनीघर मार्ग पर स्थित एक पेंट की दुकान और उससे लगे मकानों में सोमवार सुबह आग लग गई। घटना में वहां रह रहे दो परिवारों के तीन बच्चों और चार महिलाओं की मौत हो गई।

दमकल कर्मियों ने आग पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया गया। राहत कार्य जारी है। कुछ लोगों को सुरक्षित भी निकाला गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शहर के इंदरगंज इलाके में रोशनीघर मार्ग पर रंगवाला नाम से पेंट की दुकान है।

उन्होंने बताया, ‘‘ सोमवार सुबह करीब 10 बजे दुकान में आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दुकान और उसके ऊपर व साथ में लगे मकान में आग फैल गई। दुकान में पेंट और ज्वलनशील पदार्थ भरा था, जिसके कारण यह आग तेजी से फैली।’’

तोमर ने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर घर के पुरुष थे और दूसरी मंजिल पर महिलाएं और बच्चे थे। आग तेजी से फैली, जिसके कारण दूसरी मंजिल पर बच्चे और महिलाएं फंसे रह गए।

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों का अमला आग बुझाने आया, लेकिन तेजी से फैलती आग के कारण चार महिलाएं और तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई।

एएसपी ने बताया कि दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और वहां राहत कार्य जारी है। दमकल व पुलिस के कर्मी पीछे से मकान में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है।

उन्होंने बताया कि दो बच्चों सहित कुछ महिलाओं को जली हुई अवस्था में बाहर निकाला गया है। उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

तोपर ने बताया कि अभी मृतकों के नाम पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुए हैं। जिन मकानों में आग लगी है, उसमें कुल 16 लोग थे, जिसमें से चार बच्चे, छह महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। इसमें से तीन बच्चों और चार महिलाओं की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि आग कैसे लगी, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

तोमर ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान आरती गोयल (37), शुभी गोयल (13), प्रियंका गोयल (33), आर्यन गोयल (10) शकुंतला गोयल (60), मधु गोयल (55), अराध्या गोयल (4) के तौर पर हुई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ‘‘ग्वालियर की भीषण आग में अनमोल जिदंगियां काल के गाल में समा गई हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान देकर परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया ग्वालियर में एक ही परिवार के सात लोगों की भीषण आग में मौत दुखद हादसा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\