देश की खबरें | मुंबई में चलती ट्रेन से हुआ अलग डिब्बा, यातायात बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुंबई में जोगेश्वरी स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज गति से चल रही बांद्रा टर्मिनस-रामनगर एक्सप्रेस का एक डिब्बा ट्रेन से अलग हो गया, जिसके कारण पश्चिम लाइन पर लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में देरी हुई।
मुंबई, 11 फरवरी महाराष्ट्र के मुंबई में जोगेश्वरी स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज गति से चल रही बांद्रा टर्मिनस-रामनगर एक्सप्रेस का एक डिब्बा ट्रेन से अलग हो गया, जिसके कारण पश्चिम लाइन पर लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में देरी हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इसके कारण बांद्रा टर्मिनस-रामनगर एक्सप्रेस कर आगे की यात्रा में देरी हुई और स्थानीय ट्रेन सेवाएं बाधित हुई। इस वजह से पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर सैकड़ों यात्रियों को असुविधा हुई।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि तड़के करीब साढ़े पांच बजे अंधेरी और जोगेश्वरी स्टेशनों के बीच ट्रेन का सबसे पिछला एलएचबी (लिंके होफमैन बुश) डिब्बा ट्रेन से अलग हो गया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा, ‘‘ट्रेन का यह सबसे पिछला डिब्बा खाली था और उसे आगामी स्टेशन से खोला जाना था। यह जोगेश्वरी स्टेशन के निकट अलग हो गया।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद डिब्बे को ट्रेन से पुन: जोड़ा गया और ट्रेन ने सुबह छह बजकर 40 मिनट पर आगे की यात्रा शुरू की।
ठाकुर ने कहा, ‘‘इस दौरान कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।’
रेलवे के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इससे पहले, ट्रेन उत्तर प्रदेश के रामनगर के लिए सुबह पांच बजकर 10 मिनट पर बांद्रा टर्मिनस से रवाना हुई थी और उसे सुबह पांच बजकर 55 मिनट पर बोरीवली पहुंचना था, लेकिन वह इस घटना के कारण सुबह सात बजकर तीन मिनट पर वहां पहुंची।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण पश्चिम लाइन पर उपनगरीय ट्रेन 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)