देश की खबरें | वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती मुंबई पुलिस आयुक्त नियुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 30 अप्रैल भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भारती शाम को विवेक फणसालकर से मुंबई के शीर्ष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालेंगे। फणसालकर 35 साल तक पुलिस बल की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने भारती की नियुक्ति के बारे में आदेश जारी किया। इस पद को घटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक का कर दिया गया है।
मुंबई पुलिस आयुक्त का पद एडीजीपी रैंक का होता है, लेकिन हाल में कुछ नियुक्तियों में इसे महानिदेशक (डीजी) रैंक में अद्यतन किया गया था।
वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी भारती वर्तमान में मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त हैं।
इससे पहले, उन्होंने 50,000 मजबूत पुलिस बल की क्षमता वाली मुंबई पुलिस में विभिन्न पदों पर सेवा की है, जिसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) और पुलिस उपायुक्त (अपराध) का पद शामिल है।
अपने लंबे करियर में उन्होंने राज्य पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) के रूप में सेवा देने के अलावा महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) का भी नेतृत्व किया है।
मुंबई पुलिस की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पहले भारती ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी काम किया था।
अपने खोजी कौशल के लिए मशहूर भारती कई ‘हाई-प्रोफाइल’ मामलों की जांच का हिस्सा रहे हैं, जिसमें 26/11 का मुंबई आतंकवादी हमला भी शामिल है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)