देश की खबरें | गणतंत्र दिवस समारोह से पहले पंजाब, हरियाणा में सुरक्षा कड़ी की गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गणतंत्र दिवस समारोह और मंगलवार को होने वाली किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर पंजाब एवं हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। साथ ही दिल्ली से सटे जिलों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 25 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह और मंगलवार को होने वाली किसानों की ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर पंजाब एवं हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। साथ ही दिल्ली से सटे जिलों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक एवं खोजी कुत्तों के दस्तों की सेवाएं ली जा रही हैं और दोनों ही राज्यों में प्रवेश करने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर मोहाली में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान तिरंगा फहराएंगे। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पटियाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों के दौरान भारी भीड़ एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी।
इस बीच, हरियाणा सरकार ने तिरंगा फहराने वाले शीर्ष गणमान्य व्यक्तियों की संशोधित सूची सोमवार को जारी की।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पंचकूला में तिरंगा फहराएंगे। पहले यह कार्यक्रम पानीपत में निर्धारित किया गया था।
हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य राजभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)