देश की खबरें | स्कूल वीडियो मामला: विपक्षी दलों ने भाजपा पर साधा निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी दलों ने शनिवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की घटना के लिए भाजपा की 'नफरत की राजनीति' जिम्मेदार है, जहां एक शिक्षिका ने कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणी की और छात्रों को एक मुस्लिम सहपाठी को गृहकार्य नहीं करने को लेकर थप्पड़ मारने के लिए कहा।

नयी दिल्ली, 26 अगस्त विपक्षी दलों ने शनिवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की घटना के लिए भाजपा की 'नफरत की राजनीति' जिम्मेदार है, जहां एक शिक्षिका ने कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणी की और छात्रों को एक मुस्लिम सहपाठी को गृहकार्य नहीं करने को लेकर थप्पड़ मारने के लिए कहा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्कूल में जिस तरह एक अध्यापिका ने धार्मिक भेदभाव करके एक बच्चे को दूसरे बच्चे से पिटवाया, वो भाजपा-आरएसएस की नफरत भरी राजनीति का विचलित कर देने वाला परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं हमारी वैश्विक छवि पर कालिख पोत देती हैं और यह संविधान के खिलाफ है।

शुक्रवार को सामने आए वीडियो में दिखाया गया है कि शिक्षिका तृप्ता त्यागी एक निजी स्कूल के कक्षा दो के विद्यार्थियों को एक बच्चे को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के लिए कह रही हैं। इस घटना की कई राजनीतिक दलों ने निंदा की।

मुजफ्फरनगर पुलिस ने शनिवार को त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जबकि राज्य के शिक्षा विभाग ने स्कूल को नोटिस भी दिया।

खरगे ने इस घटना को ‘सत्तारूढ़ दल की विभाजनकारी सोच’ का परिणाम बताया और एक अन्य घटना का हवाला दिया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान ने ‘धर्म के नाम पर’ चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

रेलवे सुरक्षा बल के जवान ने 31 जुलाई को महाराष्ट्र के पालघर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में सवार चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने सवाल किया कि शिक्षक के खिलाफ ‘‘505 और 506 जैसी कमजोर धाराओं के तहत" मामला क्यों दर्ज किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया, ‘‘श्री मोदी और श्री शाह देशभर में स्थापित नफरत की फैक्टरी के प्रबंधक हैं।''

समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरोप लगाया कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 'नफरत की राजनीति' है जिसके कारण ऐसी घटनाएं हुई हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक पोस्ट में शिक्षिका को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की और उसे "शिक्षक समाज पर कलंक" बताया।

उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘सपा प्रमुख का मुजफ्फरनगर के स्कूल की घटना को लेकर किया गया ट्वीट वोट की सतही राजनीति है और समाज में वैमनस्य पैदा करने का घृणित राजनीतिक एजेंडा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\