विदेश की खबरें | सऊदी अरब ने यमन में हूती विद्रोहियों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. सना (यमन), 26 मार्च (एपी) यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी अरब नीत गठबंधन ने यहां और लाल सागर तट पर स्थित रणनीतिक महत्व के एक शहर में हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सना (यमन), 26 मार्च (एपी) यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी अरब नीत गठबंधन ने यहां और लाल सागर तट पर स्थित रणनीतिक महत्व के एक शहर में हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले सना और होदैदा पर शुक्रवार रात किए गए हवाई हमले सऊदी के जेद्दा शहर में विद्रोहियों द्वारा एक तेल डिपो को निशाना बनाए जाने के एक दिन बाद किए गए हैं।
सरकार संचालित सऊदी प्रेस एजेंसी की खबर के मुताबिक, सऊदी नीत गठबंधन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुर्की अल मलिकी ने कहा कि हवाई हमलों में खतरे के स्रोतों को लक्षित किया गया।
उन्होंने दावा किया कि गठबंधन ने शनिवार तड़के विस्फोटकों से लैस दो ड्रोन को नष्ट कर दिया।
वहीं, हूति विद्रोहियों ने कहा है कि गठबंधन ने एक बिजली संयंत्र, एक तेल आपूर्ति प्रतिष्ठान और सरकार संचालित सामाजिक बीमा कार्यालय को निशाना बनाया है।
एक हूती मीडिया कार्यालय ने दावा किया है कि हवाई हमले में सामाजिक बीमा कार्यालय के सुरक्षा प्रहरियों के मकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम आठ लोग मारे गए और चार अन्य घायल हो गए।
उधर, हूती विद्रोहियों के हमले के चलते जेद्दा जाने वाली उड़ानों के रद्द होने पर मिस्र में काहिरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सैकड़ों यात्री फंस गए।
हूती विद्रोहियों ने शनिवार को एकतरफा संघर्ष-विराम की भी घोषणा की, जिसमें यमन में लड़ाई के साथ ही सऊदी अरब पर सीमा पार से हमलों पर तीन दिनों तक रोक लगाना शामिल है।
उन्होंने बातचीत में शामिल होने से पहले उनके क्षेत्र में गठबंधन के हवाई और समुद्री अवरोधों को खत्म करने की मांग भी की।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)