खेल की खबरें | सैमसन और तिलक के धमाकेदार शतक, भारत 3-1 से श्रृंखला जीता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत ने संजू सैमसन और तिलक वर्मा की धमाकेदार नाबाद शतकीय पारियों की बदौलत शुक्रवार को यहां चौथे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 138 रन से जीत हासिल कर श्रृंखला 3-1 से अपने नाम की।

जोहानिसबर्ग, 15 नवंबर भारत ने संजू सैमसन और तिलक वर्मा की धमाकेदार नाबाद शतकीय पारियों की बदौलत शुक्रवार को यहां चौथे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 138 रन से जीत हासिल कर श्रृंखला 3-1 से अपने नाम की।

सैमसन (नाबाद 109) और वर्मा (नाबाद 120) के बीच दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 210 रन की अटूट साझेदारी से भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 283 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

यह भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक का विदेशी सरजमीं पर और दक्षिण अफ्रीकी धरती पर किसी भी देश द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।

अर्शदीप सिंह (20 रन देकर तीन विकेट) के शानदार शुरूआती स्पैल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 10 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे और फिर पूरी टीम 18.2 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।

मैच के दौरान कई रिकॉर्ड टूटे जिसमें सबसे खास रिकॉर्ड दो भारतीय बल्लेबाजों का एक ही टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी में शतक जड़ना रहा।

सैमसन और वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 93 गेंद में बनी 210 रन की साझेदारी भारत के लिए इस प्रारूप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी भागीदारी भी रही।

हैदराबाद के 22 वर्षीय तिलक ने महज 47 गेंद में नौ चौके और 10 छक्के जड़े जिससे वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बने। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस युवा प्रतिभा को मौका देने के लिए अपने पसंदीदा बल्लेबाजी स्थान को छोड़ने का फैसला किया जो उनकी नेतृत्व क्षमता दिखाता है।

पहले मैच में शानदार शतक जड़ने वाले सैमसन ने 56 गेंद का सामना करते हुए अपनी शतकीय पारी में छह चौके और नौ छक्के जमाये।

वर्मा के साथ मिलकर सैमसन ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की धुनाई की। तीसरे नंबर पर वर्मा आत्मविश्वास और जोश से भरे दिखे।

सैमसन ने पिछली पांच पारियों में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े हैं जिसमें दो बार शून्य पर आउट होना भी शामिल हैं जबकि वर्मा ने लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े।

दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत ही काफी खराब हुई, उसने तीसरे ओवर में 10 रन पर चार विकेट खो दिये थे। इस विशाल स्कोर का पीछा करते हुए बल्लेबाजों का दबाव में आना लाजमी था।

दक्षिण अफ्रीका ने पारी की तीसरी गेंद पर अपने सलामी बल्लेबाज रीजा हैंड्रिक्स का विकेट गंवाया जो अर्शदीप सिंह का पहला शिकार हुए।

दूसरे ओवर में आल राउंडर हार्दिक पंड्या ने रेयान रिकेल्टन को पवेलियन भेज दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने 10 रन के स्कोर पर ऐडन मार्करम और हेनरिच क्लासेन के विकेट गंवा दिये जिससे स्कोर 10 विकेट पर चार रन था।

ऐसी शुरूआत के बाद दक्षिण अफ्रीकी पारी के जल्दी समाप्त होने की उम्मीद थी लेकिन टीम 18.2 ओवर तक खेलने में सफल रही। उसके लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 43 रन, डेविड मिलर ने 36 और मार्को यानसेन ने नाबाद 29 रन बनाये।

भारत के लिए अर्शदीप के तीन विकेट के अलावा वरूण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो दो विकेट झटके।

इससे पहले सैमसन 51 गेंद में छह चौके और आठ छक्के से 100 रन पूरे किये और वर्मा ने अपना सैकड़ा पूरा करने के लिए 41 गेंद खेलीं जिसमें छह चौके और नौ छक्के शामिल थे।

अभिषेक शर्मा (18 गेंद में 36 रन) को भी पावरप्ले में चार बड़े छक्के जड़कर पारी को लय देने का श्रेय मिलना चाहिए।

बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने रिकॉर्ड 23 छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्फ कोएत्जी चोटिल दिख रहे थे जिससे उन्हें गेंदबाजी में परेशानी हो रही थी और इससे भारत को फायदा ही हुआ।

दोनों बल्लेबाजों ने मध्यम गति के गेंदबाज एंडिले सिमेलाने और लूथो सिपामला को खूब धुना।

जब तक कप्तान एडेन मार्करम ने कोएट्जी को दूसरे स्पैल के लिए लगाया तब तक भारतीय बल्लेबाज अपना काम कर चुके थे।

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने हड़बड़ाहट में लगाम कसने के लिए 17 वाइड गेंद फेंक दी।

केशव महाराज और ट्रिस्टन स्टब्स भी दोनों बल्लेबाजों के कोप से नहीं बच सके जिनके खिलाफ दोनों ने कट, पुल, स्लॉग स्वीप, रिवर्स स्वीप जैसे सभी शॉट लगाये।

मैदान का कोई भी कोना ऐसा नहीं था जहां इन दोनों भारतीयों ने स्ट्रोक्स नहीं लगाये हों।

बल्कि सैमसन का एक शॉट एक महिला दर्शक के गाल पर लगा जिससे वह दर्द से रो रही थी और टीवी कैमरों ने इसे कैमरे पर उतार लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी