देश की खबरें | समाजवादी पार्टी ने घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिए सुधाकर सिंह को उम्मीदवार बनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट के लिए प्रस्तावित उप चुनाव में पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सपा ने अपने एक्स पर यह जानकारी साझा की।
लखनऊ, 13 अगस्त समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट के लिए प्रस्तावित उप चुनाव में पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सपा ने अपने एक्स पर यह जानकारी साझा की।
सपा ने एक्स पर लिखा, ‘‘घोसी विधानसभा उपचुनाव में सुधाकर सिंह समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी होंगे।''
गौरतलब है कि सुधाकर सिंह 2012 से 2017 तक घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक रहे जबकि इसके पहले वह मऊ जिले के नत्थुपुर (अब मधुबन) विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सुधाकर को घोसी में 2017 में भारतीय जनता पार्टी के फागू चौहान ने पराजित कर दिया था। फागू चौहान को राज्यपाल बनाये जाने के बाद 2019 में हुए उपचुनाव में सपा उम्मीदवार रहे सुधाकर सिंह को भाजपा के विजय राजभर ने पराजित किया था।
दारा सिंह चौहान के 2022 के चुनाव में सपा में जाने की वजह से उनको (सुधाकर सिंह) पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ाया। चौहान 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के वन मंत्री से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हुए थे और घोसी विधानसभा क्षेत्र से सपा के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए।
पिछले माह चौहान विधानसभा सदस्यता और सपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गये।
पूर्व मंत्री और पिछड़ा वर्ग से आने वाले प्रमुख नेता दारा सिंह चौहान के त्यागपत्र से रिक्त हुई उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया, जिसके लिए पांच सितंबर को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)