खेल की खबरें | सबालेंका विंबलडन सेमीफाइनल में, रानी कैमिला ने रॉयल बॉक्स में बैठकर देखा मैच

बेलारूस की दूसरी वरीय सबालेंका 2021 में भी सेमीफाइनल में पहुंची थी जबकि 2022 में उन्हें प्रतिबंधित किया गया था।

यूक्रेन में युद्ध के कारण पिछले साल की प्रतियोगिता में बेलारूस और रूस के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की स्वीकृति नहीं दी गई थी।

सबालेंका ने कीज को 6-2, 6-4 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

उप विजेता कैरोलिना प्लिसकोवा के खिलाफ 2021 में सेमीफाइनल में शिकस्त झेलने वाली सबालेंका ने कहा, ‘‘सेमीफाइनल में एक बार फिर जगह बनाकर शानदार महसूस हो रहा है। मैं विंबलडन में अपने दूसरे सेमीफाइनल में खेलने के लिए इंतजार नहीं कर सकती। उम्मीद करती हूं कि मैं पिछली बार से बेहतर कर पाऊंगी।’’

इस साल ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में सबालेंका की जीत-हार का रिकॉर्ड 17-1 है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता जबकि फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची। विंबलडन में भी वह पांच जीत दर्ज कर चुकी हैं।

ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सबालेंका की यह लगातार छठी जीत है।

सबालेंका सेमीफाइनल में गत चैंपियन एलिना रिबाकिना और ओन्स जेब्युर के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगी।

टूर्नामेंट के 10वें दिन रानी कैमिला भी रॉयल बॉक्स में मैच देखने के लिए मौजूद थीं। लगभग एक हफ्ता पहले वेल्स की राजकुमारी केट भी रॉयल बॉक्स में मैच देखने पहुंची थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)