विदेश की खबरें | रूस ने यूक्रेन में तबाही मचाई, दोनों पक्षों ने कहा कि और अधिक वार्ता को तैयार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. घनी आबादी वाले शहरों में हमले बढ़ने से पहले सोमवार को यूक्रेन और रूस के बीच शुरुआती दौर की वार्ता हुई थी जिसमें दोबारा मिलने का वादा ही हो सका।

घनी आबादी वाले शहरों में हमले बढ़ने से पहले सोमवार को यूक्रेन और रूस के बीच शुरुआती दौर की वार्ता हुई थी जिसमें दोबारा मिलने का वादा ही हो सका।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नयी वार्ता कब हो सकती है या उनका क्या परिणाम निकलेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पहले कहा था कि रूस को एक और बार बातचीत से पहले बमबारी रोकनी चाहिए।

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के मध्य स्थित एक मुख्य चौराहे और कीव के मुख्य टीवी टॉवर पर बमबारी को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ‘‘आतंक’’ करार दिया और कहा, ‘‘कोई इसे नहीं भूलेगा। इसे कोई माफ नहीं करेगा।’’

दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को कहा कि अगर रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन को हमलों के लिए कीमत चुकानी पड़ेगी।

बुधवार को भी यूक्रेन में बम हमले जारी रहे और यूक्रेन की यूएनआईएएन समाचार एजेंसी ने उत्तरी शहर चेरनिहिव के स्वास्थ्य प्रशासन प्रमुख सेरही पिवोवार के हवाले से कहा कि वहां एक अस्पताल पर दो क्रूज मिसाइल दागी गईं।

पिवोवार ने कहा कि अस्पताल की मुख्य इमारत को नुकसान पहुंचा है और अधिकारी हताहतों की संख्या पता लगाने में जुटे हैं। अभी इसके अलावा कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

यूक्रेन की सरकारी आपात सेवा ने कहा कि खारकीव में हमले बुधवार को भी जारी रहे जिनमें चार लोग मारे गये और कई लोग घायल हो गये। एक विस्फोट में पांच मंजिला पुलिस कार्यालय की छत उड़ गयी।

एक दिन पहले खारकीव के सेंट्रल स्क्वायर पर हमले में कम से कम छह लोग मारे गये थे। राजधानी कीव में एक टीवी टॉवर पर भी रूस ने हमला किया।

करीब 8,74,000 लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं और संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यह संख्या जल्द 10 लाख के पार जा सकती है। कई लोगों ने भूमिगत बंकरों में शरण ले रखी है।

यूक्रेन में सात दिन से चल रहे युद्ध में मारे गए लोगों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। रूस और यूक्रेन, दोनों में से किसी ने मारे गये सैनिकों की संख्या नहीं बताई है। यूक्रेन की सरकारी आपात सेवा के अनुसार 2,000 से अधिक असैन्य नागरिक मारे जा चुके हैं, हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने बताया कि उसने 136 आम नागरिकों की मौत दर्ज की है, लेकिन मृतकों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक बताई जा रही है।

यूक्रेन की सरकारी आपात स्थिति सेवा ने बताया कि टीवी टॉवर पर हमलों में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गए हैं।

यूक्रेन की संसद ने टीवी टॉवर के आसपास धुएं के गुबार की एक तस्वीर पोस्ट की और कीव के मेयर विताली क्लिश्चको ने इस पर हमला होने की एक वीडियो साझा की। उन्होंने कहा कि हमले के कारण टॉवर में बिजली पहुंचा रहे एक सबस्टेशन तथा एक नियंत्रण कक्ष क्षतिग्रस्त हो गये हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के कार्यालय के प्रमुख आंद्रे यरमाक ने फेसबुक पर कहा, ‘‘उस स्थान पर शक्तिशाली मिसाइल हमला किया जा रहा है जहां (बाबी) यार स्मारक स्थित है।’’

जेलेंस्की ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह मानवता से परे है।’’

यहूदी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दुनियाभर के यहूदियों से हमलों का विरोध करने को कहा।

उधर रूसी संसद के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने बुधवार को कहा कि आज शाम तक एक प्रतिनिधिमंडल यूक्रेन के अधिकारियों से मिलने के लिए तैयार रहेगा।

यूक्रेनी विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा ने भी कहा कि उनका देश तैयार है, लेकिन रूस की मांगें नहीं बदली हैं और वह किसी अल्टीमेटम को कबूल नहीं करेंगे। किसी पक्ष ने यह नहीं कहा कि वार्ता कहां हो सकती है।

रूस ने यूक्रेन की खुफिया एजेंसी द्वारा इस्तेमाल ट्रांसमिशन केंद्रों के पास रहने वाले लोगों से पहले कहा था कि वे अपने घरों को छोड़कर चले जाएं।

लेकिन रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेन्कोव ने बुधवार को दावा किया कि टीवी टॉवर पर हवाई हमलों में किसी आवासीय इमारत को निशाना नहीं बनाया गया है। उन्होंने बाबी यार में लोगों की मौत या वहां हुए नुकसान पर कोई बात नहीं की।

बाबी यार में नाजियों ने 1941 में 48 घंटे के भीतर करीब 33,000 यहूदियों की हत्या कर दी थी।

युद्ध के सातवें दिन बुधवार को रूस और अलग-थलग पड़ गया। रूस की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए उस पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं और देश के पास चीन, बेलारूस और उत्तर कोरिया जैसे कुछेक मित्र ही बचे हैं।

प्रमुख रूसी बैंक स्बेरबैंक ने बुधवार को घोषणा की कि वह पश्चिमी देशों के कड़े होते प्रतिबंधों के बीच यूरोपीय बाजार में अपने परिचालन रोक रहा है।

वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन’ में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के खिलाफ ‘पूर्व नियोजित और बिना उकसावे वाला’ युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुतिन जैसे ‘तानाशाह’ दूसरे देश पर ‘आक्रमण’ की ‘कीमत चुकाएंगे।’

यूक्रेन में लगातार घातक होते जा रहे संघर्ष के मद्देनजर बाइडन ने रूसी आक्रामकता के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “एक रूसी तानाशाह के दूसरे देश पर हमला करने के मायने पूरी दुनिया के लिए हैं।”

उन्होंने कहा, “अपने पूरे इतिहास से हमने यह सबक सीखा है कि जब किसी तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती है तो वह और अधिक अराजकता फैलाने लगता है। वह आगे बढ़ता जाता है और अमेरिका तथा विश्व के लिए इसका खतरा व कीमत बढ़ती जाती है।”

इस बीच, 40 मील तक फैला रूसी टैंकों और अन्य वाहनों का काफिला धीरे-धीरे कीव की ओर बढ़ा। देश की राजधानी कीव में करीब 30 लाख लोग रहते है। पश्चिमी देशों को आशंका है कि यह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यूक्रेनी सरकार को अपदस्थ करके रूसी समर्थक सत्ता की स्थापना करने की कोशिश है।

आक्रमणकारी बलों ने ओडेसा और मारियुपोल के अहम बंदरगाहों समेत अन्य शहरों एवं कस्बों पर भी हमले तेज कर दिए हैं।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पिछले दो दिन में रूसी हमले तेज हुए हैं। उसने यह भी कहा कि तीन शहरों-खारकीव, खेरसन और मारियुपोल को रूसी बलों ने घेर लिया है।

वियना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा है कि उसे रूस से एक पत्र मिला है जिसमें कहा गया है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आसपास नियंत्रण कर लिया है।

पत्र के अनुसार संयंत्र में कर्मी परमाणु सुरक्षा प्रदान करने पर काम जारी रख रहे हैं।

रूस ने पहले ही चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर कब्जा कर लिया है।

आईएईए ने कहा कि उसे यूक्रेन से अनुरोध प्राप्त हुआ है कि चेर्नोबिल और अन्य केंद्रों की सुरक्षा के संबंध में गतिविधियों के समन्वय में तत्काल सहायता प्रदान की जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट