विदेश की खबरें | रूस ने यूक्रेन की राजधानी के बाहरी इलाके में आक्रमण तेज किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कीव में दिन निकलने से पहले ही धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं और बाद में सरकारी क्वार्टर के पास गोलियों की आवाज सुनी गई।

कीव में दिन निकलने से पहले ही धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं और बाद में सरकारी क्वार्टर के पास गोलियों की आवाज सुनी गई।

उधर, पश्चिमी देशों के नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई है और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है क्योंकि उन्हें आशंका है कि रूस लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को बेदखल कर सकता है। यूक्रेन में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हो सकते हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है।

यूक्रेन की राजधानी के खतरे में घिरने के संकेतों के बीच सेना ने शुक्रवार को कहा कि रूसी जासूसों और विध्वंसक गतिविधियों में लिप्त लोगों के एक समूह को शहर के केंद्र से लगभग पांच किलोमीटर उत्तर में कीव के एक जिले में देखा गया। इससे पहले, सेना ने कहा था कि रूसी सुरक्षा बलों ने दो यूक्रेनी सैन्य वाहनों पर कब्जा कर लिया है और स्थानीय होने का दिखावा कर घुसपैठ के लिए शहर की ओर बढ़ रहे हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि कीव की ‘‘संभवत: घेराबंदी कर ली गई है।’’ अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में अपनी पसंद की सरकार थोपना चाहते हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वैश्विक नेताओं से पूर्व में लगाए गए प्रतिबंधों की तुलना में रूस के खिलाफ अधिक कठोर पाबंदी लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप अभी हमारी मदद नहीं करते हैं, यदि आप यूक्रेन को मजबूत सहायता प्रदान करने में नाकाम रहते हैं तो कल युद्ध आपके दरवाजे पर दस्तक देगा।’’ यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस के साथ राजनयनिक संबंध तोड़ने, अपने देश में ‘मार्शल लॉ’ लगाने और सेना की पूर्ण लामबंदी का आदेश दिया है।

शुक्रवार तड़के कीव में हवाई हमले के सायरन बजते ही सिटी सेंटर के एक होटल के मेहमानों को एक अस्थायी सुरक्षित तहखाने की ओर जाने के लिए कहा गया, जिसमें गद्दे और पानी की बोतलों के ढेर लगे थे। कार्यकर्ताओं, सभी स्थानीय विश्वविद्यालय के छात्रों ने मेहमानों को चाय और नमकीन बांटी। कुछ लोग धूम्रपान करने या ताजी हवा लेने के लिए आंगन में चले गए। कार्यकर्ताओं में से एक, लुसी वाशाका (20) ने कहा, ‘‘हम सभी डरे हुए और चिंतित हैं। हम नहीं जानते कि क्या करना है, कुछ दिनों में क्या होने वाला है?’’

बृहस्पतिवार को शहरों और सैन्य ठिकानों पर एक के बाद एक किए गए मिसाइल हमलों के साथ आक्रमण शुरू हुआ और फिर पैदल सेना ने यूक्रेन की तरफ कूच किया। पूर्व में कई क्षेत्रों से सैनिक दाखिल होने लगे। क्रीमिया के दक्षिणी क्षेत्र से भी सैनिक आए, जिस पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था। पड़ोसी देश बेलारूस से भी रूसी सैनिकों ने धावा बोल दिया।

यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि बंद पड़े चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र से उनका संपर्क खत्म हो गया है। इसी जगह पर दुनिया की सबसे भीषण परमाणु त्रासदी हुई थी। देश के कई हिस्सों में लोग हड़बड़ी में सुरक्षित स्थानों तक जाने के लिए ट्रेनों और कारों में सवार होते देखे गए।

जेलेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि रूस के हमले में 10 सैन्य अधिकारियों समेत 137 ‘‘नायक’’ मारे गए हैं और 316 लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने यह कहते हुए भावनात्मक संबोधन का समापन किया कि ‘‘देश का भविष्य पूरी तरह से हमारी सेना, सुरक्षा बलों, हमारे सभी रक्षकों पर निर्भर करता है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि देश ने मास्को से सुना है कि ‘‘वे यूक्रेन की तटस्थ स्थिति के बारे में बात करना चाहते हैं।’’ जेलेंस्की ने रूस की मांग का संदर्भ दिया कि यूक्रेन नाटो गठबंधन में शामिल होने का इरादा त्याग दे।

कीव पर रूसी हमले के डर से रात होते ही हजारों लोग भूमिगत बंकरों, मेट्रो स्टेशनों के भीतर चले गए। कुछ परिवारों के लिए यह एकसाथ समय गुजारने का भी मौका था। कुछ लोग रात काटने के लिए क्रॉसवर्ड पजल सुलझा रहे थे। ऐसे भी लोग थे जो अपने कुत्तों के साथ स्लीपिंग बैग लेकर आए।

एक मेट्रो स्टेशन के भीतर शरण लिए हुए एंटन मिरोनोव ने कहा, ‘‘किसी को विश्वास नहीं था कि यह युद्ध शुरू हो जाएगा और वे कीव को भी निशाने पर लेंगे।’’

कुछ लोग अस्थायी बंकरों में रात बिताकर सुबह उससे बाहर निकले। राजमार्ग पर सैन्य टुकड़ियों के साथ आम लोगों की कारें भी आ जा रही थीं। ईंधन केंद्रों पर बृहस्पतिवार को लंबी-लंबी कतारें नजर आई थी।

रूस ने कहा है कि वह शहरों को निशाना नहीं बना रहा लेकिन पत्रकारों ने कई रिहायशी क्षेत्रों में तबाही का मंजर देखा। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि शुक्रवार को शहर में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में एक रॉकेट हमले से आग लगने के बाद कम से कम तीन लोग घायल हो गए।

रूसी सैन्य बलों के उत्तर से कीव की तरफ कूच करने की खबरों के बीच यूक्रेन की सेना कीव के उत्तर-पश्चिम में 60 किलोमीटर दूर दुश्मन फौज से भीषण लड़ाई लड़ रही है। रूसी सैनिक सीमा के पास स्थित सूमी शहर में भी दाखिल हो चुके हैं। यहां से एक राजमार्ग राजधानी कीव की ओर जाता है।

यूक्रेन में गृह मंत्रालय के सलाहकार एंतोन गेराशेंको ने टेलीग्राम पर कहा, ‘‘आज का दिन बहुत भारी बीतेगा। दुश्मन की योजना टैंक के जरिये इवांकीव और चेर्निहाइव के रास्ते कीव में दाखिल होने की है।’’

राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार मायहेलो पोडोलीक ने बताया कि आक्रमण शुरू होने के कुछ घंटों बाद, रूसी सेना ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र और उसके आस-पास के क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित कर लिया।

वियना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा है कि उसे यूक्रेन द्वारा कब्जे के बारे में बताया गया था। साथ ही कि ‘‘औद्योगिक स्थल पर कोई हताहत या तबाही नहीं हुई है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने नए प्रतिबंधों की घोषणा की है जो रूसी बैंकों, अमीर लोगों, सरकारी नियंत्रण वाली कंपनियों और उच्च-तकनीकी क्षेत्रों को लक्षित करेंगे। उन्होंने कहा, पुतिन ने ‘‘इस युद्ध को चुना’’ है। बाइडन ने यह भी कहा कि ऐसे उपाय किए गए हैं कि वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित नहीं हो। रूसी तेल और प्राकृतिक गैस निर्यात यूरोप के लिए महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत हैं।

बाइडन शुक्रवार को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सहयोगी नेताओं के साथ मुलाकात भी करने वाले हैं, जिसे व्हाइट हाउस ने यूक्रेन पर चर्चा करने के लिए डिजिटल तरीके से आयोजित ‘‘असाधारण शिखर सम्मेलन’’ के रूप में वर्णित किया है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए कहा है कि उन्होंने ब्रिटेन के वित्तीय बाजारों से रूस को दूर करने का लक्ष्य रखा है। सभी बड़े रूसी बैंकों की संपत्ति पर रोक लगाने और रूसी कंपनियों तथा क्रेमलिन को ब्रिटिश बाजारों से धन जुटाने से रोकने की योजना प्रस्तुत की गई है।

जेलेंस्की ने अमेरिका और पश्चिमी देशों से और कदम उठाने तथा रूस को स्विफ्ट सिस्टम से अलग करने का आग्रह किया है। स्विफ्ट एक प्रमुख वित्तीय नेटवर्क है जो दुनिया भर के हजारों बैंकों को जोड़ता है। लेकिन व्हाइट हाउस इसके पक्ष में नहीं है क्योंकि इससे यूरोप और पश्चिम में कहीं ज्यादा भारी आर्थिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

यूरोप में कुछ लोगों ने नए विश्व युद्ध के बारे में आशंका जताई है तो वहीं अमेरिका और उसके नाटो सहयोगियों ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है कि वे यूक्रेन में सेना भेजेंगे। नाटो ने एहतियात के तौर पर पूर्वी यूरोप में अपने सदस्यों को मजबूत करना शुरू कर दिया है। बाइडन ने कहा कि नाटो के तहत अमेरिका जर्मनी में अतिरिक्त बल तैनात कर रहा है। यूक्रेन के लोगों से नहीं घबराने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा गया है।

कीव में सैनिकों को कदमताल करते और मिसाइल से दागे गोले को हटाते हुए देख रहीं अन्ना डोवनया ने कहा, ‘‘आखिरी क्षण तक, मुझे विश्वास नहीं था कि ऐसा होगा। मैं ऐसा सोच भी नहीं पा रही थी। हमारी सारी उम्मीद खत्म हो गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 4th T20I Match Scorecard: हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 248 रनों का विशाल लक्ष्य, शाई होप ने खेली तूफानी शतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Score Update: हैदराबाद में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का चौथा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? हैदराबाद में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Toss And Scorecard: हैदराबाद में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड