विदेश की खबरें | रूस ने अपने सैनिकों को पूर्वी यूक्रेन में भेजना शुरू किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. इस बीच, रूस ने शुक्रवार को बताया कि युद्धपोत मोस्कवा में आग लगने के बाद एक सैनिक की मौत हो गई और 27 अन्य लापता हो गए। यह पोत एक सप्ताह पहले यूक्रेन के मिसाइल हमले के बाद डूब गया था।

इस बीच, रूस ने शुक्रवार को बताया कि युद्धपोत मोस्कवा में आग लगने के बाद एक सैनिक की मौत हो गई और 27 अन्य लापता हो गए। यह पोत एक सप्ताह पहले यूक्रेन के मिसाइल हमले के बाद डूब गया था।

रूसी सेना ने पहले बताया था कि उसमें सवार सभी लोगों को बचा लिया गया है। साथ ही शुक्रवार को, उपग्रह से ली गई तस्वीरों में मारियुपोल के पास स्थित एक शहर में एक दूसरा संभावित सामूहिक कब्रिस्तान दिखा, जहां यूक्रेनियों को एक इस्पात संयंत्र में छुपाया गया है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने युद्धपोत पर एक हमले को स्वीकार नहीं किया। उसका कहना है कि गोला बारूद के विस्फोट के बाद उसमें आग लग गई। उसने हालांकि यह नहीं बताया कि यह यह कैसे हुआ।

निर्देशित मिसाइल क्रूजर का नुकसान मास्को के लिए एक अपमानजनक झटका था। यह पोत रूस के काला सागर बेड़े का मुख्य पोत था।

मारियुपोल कई सप्ताह की बमबारी के बाद काफी हद तक मलबे में तब्दील हो गया है। रूसी सरकारी टीवी ने मॉस्को समर्थक डोनेट्स्क अलगाववादियों का झंडा दिखाया, जो शहर के सबसे ऊंचे बिंदु यानी टीवी टॉवर पर लगा है।

इसने शहर के अज़ोवस्टल स्टील प्लांट की मुख्य इमारत को आग की लपटों में घिरा भी दिखाया।

यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव ओलेक्सी डैनिलोव ने कहा कि क्रेमलिन ने यूक्रेन में लड़ाई में सीरिया और लीबिया से 100,000 से अधिक सैनिकों और भाड़े के सैनिकों को उतारा है और देश में हर दिन अधिक सेना तैनात कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे समक्ष मुश्किल स्थिति है, लेकिन हमारी सेना हमारे देश की रक्षा कर रही है।’’

अधिकारियों ने बताया कि डोनबास के कई शहर और गांव और साथ ही खारकीव क्षेत्र बमबारी की चपेट में आए। यह यूक्रेन के पूर्वी इलाके में एक औद्योगिक क्षेत्र है जिसे क्रेमलिन ने युद्ध का नया केंद्र घोषित किया है।

महापौर कार्यालय ने बताया कि रूसी सेना ने यूक्रेन के उन 2,000 लड़ाकों को निशाना बनाया है जो अभी भी विशाल अज़ोवस्टल संयंत्र के अंदर छुपे हुए हैं। मारियुपोल के मेयर के सलाहकार पेट्रो एंड्रीशचेंको ने कहा, ‘‘हर दिन वे अज़ोवस्टल पर कई बम गिराते हैं। लड़ाई, गोलाबारी, बमबारी बंद नहीं हो रही।’’

अन्य घटनाक्रमों में, एक वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारी ने सार्वजनिक रूप से रूसी युद्ध के उद्देश्य को रेखांकित किया जो क्रेमलिन ने हाल के हफ्तों में जो कहा है, उससे कहीं अधिक व्यापक प्रतीत होता है। रुस्तम मिनेकेयेव ने कहा कि रूस की सेना का लक्ष्य पूर्वी यूक्रेन के अलावा दक्षिणी यूक्रेन पर पूर्ण नियंत्रण रखना है और ऐसा करने से मोल्दोवा देश के लिए रास्ता खुल जाएगा, जहां रूस ट्रांसनिस्ट्रिया के क्षेत्र का समर्थन करता है।

दक्षिणी यूक्रेन से मोल्दोवा के लिए मार्ग खोलने को लेकर रूसी सेना के बारे में मिनेकेयेव की घोषणा के जवाब में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी: ‘‘यूक्रेन पर रूसी आक्रमण को केवल शुरुआत माना गया था; इसके अलावा, वे दूसरे देशों को हथियाना चाहते हैं।’’

मोल्दोवा के अधिकारी यूक्रेन में पुतिन के कार्यों को सावधानी से देख रहे हैं, और ज़ेलेंस्की के सलाहकार मायखाइलो पोडोलीक ने कहा कि रूस ‘‘हमेशा हर किसी से झूठ बोल रहा था और वास्तव में, शुरू से ही, वह ट्रांसनिस्ट्रिया के लिए एक मार्ग सुरक्षित करने के लिए यूक्रेन के कुछ क्षेत्रों को हथियाना चाहता था।’’

मैक्सार टेक्नोलॉजीज की नवीनतम उपग्रह तस्वीरों से मारियुपोल के पास एक दूसरा सामूहिक कब्रिस्तान दिखता प्रतीत हो रहा है। मैक्सार ने एक बयान में कहा कि विनोहरदने शहर में एक कब्रिस्तान वाले स्थल पर लगभग 40 मीटर लंबी कई नयी खोदी गई समानांतर खाइयां दिख रही हैं।

एक दिन पहले, मैक्सार ने मारियुपोल के बाहर मानहुश शहर में एक कब्रिस्तान के बगल में 200 से अधिक ताजा खोदी गई सामूहिक कब्रों को दिखाने वाली तस्वीरें जारी की थीं।

इसके बाद यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूस शहर में नागरिकों की हत्या को छिपाने की कोशिश कर रहा है।

यूक्रेनी अधिकारियों ने अनुमान जताया कि बृहस्पतिवार को जारी तस्वीरों में देखी गई कब्रों में 9,000 शव हो सकते हैं।

क्रेमलिन ने उपग्रह से ली गयी तस्वीरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस्पात संयंत्र में यूक्रेनियों के छिपे होने के बावजूद मारियुपोल की लड़ाई में जीत की घोषणा की है।

पूर्व को नियंत्रण में करने के अभियान के कई दिन बीत चुके हैं, सैन्य विश्लेषकों का कहना है कि मॉस्को की सेना अब भी बढ़ रही है और डोनबास में कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं की है या कोई महत्वपूर्ण जमीन हासिल नहीं की है।

हालांकि, दोनेत्स्क क्षेत्र में शुक्रवार को एक छोटे से शहर और दो गांवों में गोलाबारी में तीन नागरिकों की मौत हो गई, जो डोनबास का हिस्सा है। यह जानकारी क्षेत्रीय गवर्नर पावलो किरिलेंको ने एक मैसेजिंग ऐप पर दी। किरिलेंको ने कहा कि रूसियों ने क्षेत्र की कम से कम 20 बस्तियों पर गोलीबारी की।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत रुक गई है क्योंकि मॉस्को को कीव से उसके नवीनतम प्रस्तावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है, जिसका विवरण जारी नहीं किया गया है।

वार्ता में पुतिन के प्रमुख वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के साथ लंबी बातचीत की। उन्होंने बातचीत का कोई ब्योरा नहीं दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी