जरुरी जानकारी | रुपया छह पैसे की गिरावट के साथ 83.64 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में रातोंरात उछाल के बीच रुपया बृहस्पतिवार को छह पैसे टूटकर 83.64 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
मुंबई, 18 जुलाई विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में रातोंरात उछाल के बीच रुपया बृहस्पतिवार को छह पैसे टूटकर 83.64 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और कमजोर एशियाई तथा यूरोपीय मुद्राओं के कारण रुपये ने थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार किया।
हालांकि, सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार और विदेशी पूंजी प्रवाह ने स्थानीय मुद्रा में गिरावट को कुछ हद तक सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.57 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.55 के उच्चस्तर तक गया तथा 83.66 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आया। अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले यह 83.64 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.58 पर बंद हुआ था। इससे पहले रुपया 15 जुलाई को अपने निम्नतम स्तर 83.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
‘मुहर्रम’ के मौके पर बुधवार को विदेशी मुद्रा तथा शेयर बाजार बंद थे।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.83 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 85.07 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 626.91 अंक उछलकर 81,343.46 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 187.85 अंक बढ़कर 24,800.85 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में मंगलवार को लिवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,271.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)