जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.04 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.04 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

मुंबई, 15 फरवरी अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.04 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की निकासी से भारतीय मुद्रा में गिरावट आई। हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजारों ने रुपये की गिरावट को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान उसने 82.99 प्रति डॉलर के उच्चस्तर और 83.04 के निचले स्तर के बीच कारोबार किया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.04 के (अस्थायी) भाव पर बंद हुआ।

इससे पहले, बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे मजबूत होकर 83.02 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ने और अमेरिकी डॉलर में नकारात्मक रुख के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में रातोंरात गिरावट और उम्मीद से बेहतर व्यापार संतुलन से रुपये को और समर्थन मिल सकता है।’’

हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी से रुपये की तेजी पर रोक लग सकती है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 104.61 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 3,929.60 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\