देश की खबरें | 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दौड़ रहा हूं : नरेन्‍द्र मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को पूर्ववर्ती विपक्षी दलों की सरकारों पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आज विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है और मैं 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दौड़ रहा हूं तथा देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।’’

आजमगढ़ (उप्र), 10 मार्च प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को पूर्ववर्ती विपक्षी दलों की सरकारों पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आज विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है और मैं 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए दौड़ रहा हूं तथा देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी रविवार को आजमगढ़ जिले के मंदूरी हवाई अड्डा परिसर में 34,700 करोड़ रुपये की 782 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद यहां आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

मोदी ने कहा, ''आज मैं एक गारंटी देता हूं, यह कल का आजमगढ़ अब 'आजन्‍मगढ़' है, यह आजन्‍म गढ़ विकास का गढ़ रहेगा...आजन्‍म रहेगा, अनंतकाल तक विकास का गढ़ बना रहेगा, यह मोदी की गारंटी है।''

मोदी ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा, ''पहले की सरकारों में बैठे लोग जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए योजनाएं घोषित कर देते थे। कभी-कभी तो इनकी हिम्मत इतनी होती थी कि संसद में बैठकर रेलवे की नई-नई योजनाएं घोषित कर देते थे। बाद में कोई पूछने वाला नहीं। मैंने समीक्षा की तो पता चला कि 30-35 साल पहले घोषणाएं हुईं थीं। कभी चुनाव से पहले पत्थर गाड़ देते और फिर खो जाते। पत्थर भी खो जाते और नेता भी खो जाते।''

उन्होंने कहा, ''2019 में मैं कोई भी योजना घोषित करता और शिलान्यास करता तो पहली सुर्खी यही बनती कि यह तो चुनाव है इसलिए हो रहा है। आज देश देख रहा है कि मोदी दूसरी मिट्टी का इंसान है।''

प्रधानमंत्री ने कहा, ''2019 में जो शिलान्यास किये गये वो चुनाव के लिए नहीं किए और उनका उद्घाटन हो चुका है। आज विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है। 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए दौड़ रहा हूं और देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।''

प्रधानमंत्री ने भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ की सरकारों द्वारा किये गये विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा, ‘‘अयोध्या में भव्‍य श्रीराम मंदिर का जो इंतजार था, वह भी पूरा हो गया। अयोध्या, बनारस, मथुरा और कुशीनगर के विकास से प्रदेश में पर्यटन तेजी से बढ़ा है और उसका लाभ पूरे राज्‍य को मिल रहा है। यही गारंटी 10 साल पहले मोदी ने दी थी और आज आपके आशीर्वाद से वह गारंटी पूरी हो रही है।''

मोदी ने विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिए बिना पूर्ववर्ती विपक्षी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे-जैसे विकास की बुलंदियों को छू रहा है, ‘तुष्टीकरण का जहर’ भी कमजोर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में आजमगढ़ की जनता ने भी दिखा दिया कि परिवार के लोग जहां अपना गढ़ समझते थे, दिनेश (दिनेश लाल यादव निरहुआ-भाजपा सांसद) जैसा एक नौजवान उसे ढहा देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए परिवारवादी लोग इतने बौखलाए हुए हैं कि आए दिन मोदी को लगातार गाली दे रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का अपना परिवार नहीं है। ये लोग भूल जाते हैं कि देश की 140 करोड़ जनता मोदी का परिवार है।''

मोदी ने कहा कि इसलिए आज हिंदुस्तान के हर कोने से हर कोई कह रहा है- ''मैं हूं’’ और भीड़ से लोगों की प्रतिक्रिया आई - ‘‘मोदी का परिवार।''

विपक्ष पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘'आपका यह प्यार और आजमगढ़ का यह विकास जातिवाद, परिवारवाद और वोट बैंक के भरोसे बैठे ‘इंडी’ गठबंधन (विपक्षी दलों के समूह) की नींद उड़ा रहा है।''

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल ने दशकों तक जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति देखी है और पिछले 10 वर्षों में यह क्षेत्र विकास की राजनीति भी देख रहा है।

उन्होंने कहा कि सात वर्ष से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को और गति मिली है।

मोदी ने कहा, ‘‘यहां के लोगों ने माफिया राज और कट्टरपंथ के खतरों को देखा है और यहां की जनता कानून का राज भी देख रही है।''

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश में अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और श्रावस्ती जैसे जिन शहरों को नये हवाई अड्डा टर्मिनल मिले हैं, उन्हें कभी प्रदेश का छोटा और पिछड़ा शहर कहा जाता था, उनको कोई पूछने वाला नहीं था। अब यहां भी हवाई सेवाएं शुरू हो रही हैं और तेजी से विकास हो रहा है।''

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच कहा, ''आज आजमगढ़ का सितारा चमक रहा है। एक जमाना था जब दिल्‍ली से कोई कार्यक्रम हो और देश के अन्‍य राज्‍य उसके साथ जुड़ते थे और आज आजमगढ़ में कार्यक्रम हो रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग हमारे साथ जुड़े हैं।''

मोदी ने कहा, ''आज केवल आजमगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश के विकास के लिए कई विकास परियोजनाओं का यहां से शुभारंभ हो रहा है। जिस आजमगढ़ को देश के पिछड़े इलाकों में गिनते थे, आज वही देश के लिए विकास का नया अध्याय लिख रहा है। आज आजमगढ़ में देश के कई राज्यों में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है।''

विकास की गति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे के टर्मिनल के लिए कितना तेजी से काम हुआ, उसका उदाहरण ग्‍वालियर का विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डा है जो 16 महीने में बनकर तैयार हो गया। ये प्रयास देश के सामान्‍य मनुष्‍य के लिए हवाई जहाज की यात्रा को और ज्यादा सहज और सुलभ बनाएंगे।''

एक साथ देश भर की परियोजनाओं के लोकार्पण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ''पिछले कई दिनों से मेरे समय की मर्यादा के कारण मैं एक ही स्थान से देश की अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहा हूं और जब लोग इतनी सारी परियोजनाओं के बारे में सुनते हैं तो अचरज में पड़ जाते हैं।’’

उन्होंने कहा, लेकिन कभी-कभी पुरानी सोच वाले लोग इसे भी ‘‘उसी चौखट में बिठाते’’ हैं और कहते हैं कि अरे यह तो चुनाव का मौसम है।

मोदी ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर विकास की तेज रफ्तार तभी मुमकिन होती है, जब सरकार सही नीयत और ईमानदारी से काम करती हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी परिवारवादी सरकारों में इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्य असंभव था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में आजमगढ़ और पूर्वांचल ने पिछड़ेपन की ही तकलीफ नहीं उठायी, बल्कि उस दौर में यहां की छवि खराब करने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी गयी।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ''पहले की सरकारों में आतंक और बाहुबल को संरक्षण दिया गया और इसे पूरे देश ने देखा। इस परिस्थिति को बदलने के लिए यहां के युवाओं को नये अवसर देने के लिए भी डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। हमारी सरकार ने यहां युवाओं के लिए महाराजा सुहेलदेव राज्‍य विश्वविद्यालय की नींव रखी। अब आजमगढ़ का यह विवि हमारे युवाओं के लिए उच्‍च शिक्षा की राह आसान करेगा।''

मोदी ने भोजपुरी में कहा, ‘‘आज आजमगढ़ में एक नया इतिहास लिखा जा रहा है, जो भी आजमगढ़ का रहने वाला है, सबको आज बहुत खुशी मिल रही होगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Yashasvi Jaiswal IPL Stats Against RCB: आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन, आंकड़ों पर एक नजर

KKR vs LSG, IPL 2026 15th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से रौंदा, मुकुल चौधरी ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Virat Kohli IPL Stats Against RR: आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, ‘रन मशीन’ के आकंड़ों पर एक नजर

RR vs RCB, IPL 2026 16th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी