खेल की खबरें | ‘रन मशीन’ गिल और तेज गेंदबाजों ने भारत का पलड़ा भारी रखा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान शुभमन गिल (161 रन) के दूसरे शतक की बदौलत भारत ने शनिवार को यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की और इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का अंसभव लक्ष्य दिया।

बर्मिंघम, पांच जुलाई कप्तान शुभमन गिल (161 रन) के दूसरे शतक की बदौलत भारत ने शनिवार को यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की और इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का अंसभव लक्ष्य दिया।

पर पांचवें दिन इंग्लैंड के बल्लेबाज मुश्किल में होंगे क्योंकि टीम ने दूसरी पारी में स्टंप तक 72 रन तक तीन विकेट गंवा दिए जिसमें दो विकेट आकाशदीप और एक विकेट मोहम्मद सिराज ने झटका।

आकाशदीप ने खतरनाक बेन डकेट और जो रूट के विकेट झटके जबकि सिराज ने जाक क्राउले को आउटस्विंगर पर बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच कराया।

गिल ने चार पारियों में तीसरा शतक जड़कर रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने पहली पारी में 269 रन बनाए थे। उनके अलावा दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा (नाबाद 69), ऋषभ पंत (65) और केएल राहुल (55) ने अर्धशतक जड़कर योगदान दिया।

भारत ने चाय के एक घंटे बाद दूसरी पारी घोषित की। हालांकि पारी घोषित करने के समय पर विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने सवाल उठाए जिसमें चेतेश्वर पुजारा ने ‘ऑन एयर’ कहा कि भारत को कम से कम आधे घंटे पहले पारी घोषित कर देनी चाहिए थी।

जब गिल के आउट होने के बावजूद पारी घोषित नहीं की गई तो ‘होलीज स्टैंड’ में इंग्लैंड के प्रशंसकों ने ‘बोरिंग बोरिंग’ के नारे लगाए। इसके तुरंत बाद हूटिंग शुरू हो गई।

चाय से तुरंत पहले शतक तक पहुंचने वाले गिल ने शोएब बशीर और कामचलाऊ जो रूट की स्पिन जोड़ी के खिलाफ अपना आक्रामक रुख अपनाते हुए डीप स्क्वायर और मिड-विकेट पर स्वीप शॉट लगाए।

गिल की 162 गेंद की पारी में 13 चौके और आठ छक्के शामिल थे जिससे उन्होंने मैच में 430 रन बनाए। गिल और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 175 रन की भागीदारी निभाई।

इस प्रक्रिया में गिल ने किसी भी भारतीय के एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन जुटाने के मामले में महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 1971 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट में 344 रन बनाए थे। वह गावस्कर के बाद एक ही टेस्ट में 200 और 100 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय भी बने।

विकेट अभी तक सपाट रहे जिससे रनों का पहाड़ बना। लेकिन भारत ने अभी तक दौरे में सात शतक बना लिए हैं जो किसी विदेशी श्रृंखला में अभूतपूर्व है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि इंग्लैंड क्या दृष्टिकोण अपनाता है। हालांकि कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकुलम की रणनीति ड्रॉ नहीं बल्कि नतीजों से प्रेरित है। बैजबॉल युग में एकमात्र ड्रॉ एशेज 2023 में ओल्ड ट्रैफर्ड मैच में बारिश के कारण हुआ था।

गिल ने लंच ब्रेक के बाद गियर बदलते हुए ‘स्कोरिंग’ गति बढ़ाई और फिर चाय से तुरंत पहले मैच का अपना दूसरा शतक पूरा किया।

गिल ने चाय के ब्रेक से पहले शोएब बशीर के ओवर में एक रन लेकर एक मैच में दो शतक जड़ने की उपलब्धि हासिल की।

पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले गिल ने दूसरी पारी में शतक जड़ने के बाद ज्यादा जश्न नहीं मनाया क्योंकि उनकी निगाहें श्रृंखला बराबरी करने पर लगी हैं।

गिल ने उप कप्तान ऋषभ पंत (58 गेंद में 65 रन) के साथ 110 रन की साझेदारी की जिन्होंने शानदार स्ट्रोक्स लगाए लेकिन बशीर की गेंद को पार्क से बाहर करने के प्रयास में अपने बल्ले पर नियंत्रण खो बैठे।

सुबह के सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाज गिल पर हावी थे तो दूसरे सत्र में भारतीय कप्तान ने विपक्षी खेमे पर दबाव बनाने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली।

जोश टंग ने सत्र के शुरु में गिल के खिलाफ शॉर्ट गेंद डालने की कोशिश की और गिल दो मौकों पर इसे फाइन लेग के ऊपर से पुल करने में सफल रहे।

भारत ने एक विकेट पर 64 रन से आगे खेलना शुरू किया और सुबह के सत्र में केएल राहुल (55 रन) और करूण नायर (26 रन) के रूप में दो विकेट गंवाए। दूसरे सत्र में सिर्फ पंत का विकेट गिरा।

राहुल ने कुछ शानदार कवर ड्राइव लगाकर अर्धशतक पूरा करने के बाद जोश टंग की खूबसूरत गेंद पर विकेट गंवा दिया लेकिन भारत ने पहले सत्र में तीन विकेट पर 177 रन बना लिए। 13 ओवर पुरानी गेंद से बादलों भरे हालात में कुछ मदद मिलने की उम्मीद थी और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज खासकर ब्रायडन कार्स ने इसका पूरा फायदा उठाया।

राहुल ने कुछ शानदार कवर ड्राइव खेले। लेकिन टंग की एक गेंद ने उन्हें चकमा दे दिया और यह भारतीय बल्लेबाज के मिडिल स्टंप उखाड़ गई।

भारत ने नायर (46 गेंद में 26 रन) के रूप में दिन का पहला विकेट गंवाया। कार्स ने उन पर लगातार दबाव बनाया और नायर को ड्राइव करने के लिए लुभाना जारी रखा जिसका उन्हें फल भी मिला। कार्स की गेंद नायर के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई।

लंबे कद के इस गेंदबाज ने पहली पारी में भी नायर को आउट किया था। उनकी एक खतरनाक बाउंसर नायर के हेलमेट पर लगी जिसके लिए ‘कनकशन’ जांच भी की गई।

पंत 30वें ओवर में आए और उन्होंने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने टंग की गेंद पर चौका और छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद उन्होंने बेन स्टोक्स की गेंद पर एक पिक अप शॉट खेला।

दर्शकों ने पंत की बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठाया। पहले सत्र के अंत में पंत ने टंग की गेंद पर जोरदार स्लॉग शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन बल्ला उनके हाथ से फिसल गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी