देश की खबरें | त्रिपुरा नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा बड़ी जीत की ओर अग्रसर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम (एएमसी) और 13 नगर निकायों की 222 सीट के लिए रविवार को जारी मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जबरदस्त जीत की ओर आगे बढ़ रही है।
अगरतला, 28 नवंबर त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम (एएमसी) और 13 नगर निकायों की 222 सीट के लिए रविवार को जारी मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जबरदस्त जीत की ओर आगे बढ़ रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा ने 51 सदस्यीय एएमसी में 37 सीट जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। अन्य सीट पर मतगणना जारी है।
भाजपा ने खोवाई नगर परिषद, कुमारघाट नगर परिषद, सबरूम नगर पंचायत और अमरपुर नगर पंचायत में भी जीत हासिल कर ली है। पार्टी कैलाशहर, तेलियामुरा, मेलाघर और बेलोनिया नगर परिषदों के अलावा धर्मपुर और अंबासा नगर पालिकाओं, पानीसागर, जिरानिया और सोनापुरा नगर पंचायतों में भी अपने प्रतिद्वंद्वियों से बहुत आगे है।
राज्य में शहरी स्थानीय निकायों की 334 सीट हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं और उनमें से 112 पर निर्विरोध जीत हासिल की है।
चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि त्रिपुरा नगर निकाय चुनाव के परिणामों ने पूर्वोत्तर राज्य में पैठ जमाने के तृणमूल कांग्रेस के दावों के ‘‘खोखलेपन’’ को उजागर कर दिया है और राज्य के लोगों को भाजपा पर भरोसा है।
घोष ने यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान त्रिपुरा में चुनाव प्रचार करने वाले तृणमूल कार्यकर्ताओं को ‘‘भाड़े के लोग’’ बताया और कहा कि भाजपा तथा राज्य के लोगों के बीच ‘‘मजबूत संबंध’’ हैं।
उन्होंने कहा कि तृणमूल त्रिपुरा में अपना खाता तब तक नहीं खोल सकती जब तक ‘‘भाजपा किसी सीट से उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला न करे।’’
घोष ने कहा, ‘‘नगर निकाय चुनाव के परिणाम उम्मीद के अनुसार आए हैं। तृणमूल का त्रिपुरा में खाता खुलने का कोई आसार नहीं है। उन्होंने केवल शोर मचाया। यह जनादेश दर्शाता है कि पश्चिम बंगाल से आए भाड़े के लोग ऐसे राज्य में किसी पार्टी को अपना आधार बनाने में मदद नहीं कर सकते, जिसका भाजपा पर भरोसा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)