जरुरी जानकारी | हरियाणा में धान, मोटे अनाज की खरीद के लिए किसानों को 12,000 करोड़ रुपये का भुगतान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में धान और मोटे अनाज की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। एक सरकारी बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
चंडीगढ़, सात नवंबर हरियाणा में धान और मोटे अनाज की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। एक सरकारी बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
बुधवार तक मंडियों में 5,069,092 टन धान की कुल आवक में से 4,972,833 टन की खरीद की जा चुकी है।
राज्य सरकार फसल खरीद के लिए भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में डाल रही है।
बयान में कहा गया है, ‘‘धान और मोटे अनाज के किसानों को 12,001.04 करोड़ रुपये की राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है, जिसमें धान किसानों को 10,961.15 करोड़ रुपये और मोटे अनाज के किसानों को 1,039.89 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल हैं। किसानों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया है।’’
हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलो के विभाग ने किसानों के लिए अपनी फसल बेचना आसान बनाने तथा मंडियों में प्रवेश के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा से बचने के लिए ऑनलाइन गेट पास प्रणाली शुरू की है।
सरकार ने सामान्य धान के लिए 2,300 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान के लिए 2,320 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की घोषणा की है।
एक सरकारी प्रवक्ता के हवाले से बयान में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारी खरीद प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं, ताकि इसका सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में धान की सबसे अधिक आवक कुरुक्षेत्र में दर्ज की गई, जहां बुधवार तक मंडियों में 9,93,546.66 टन धान की आवक हुई।
अन्य प्रमुख स्थानों में- करनाल में 8,27,679.03 टन तथा कैथल में 8,10,610.69 टन धान की आवक हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)