देश की खबरें | ‘आरआरआर’ के संगीतकार कीरावनी 1990 के दशक से दर्शकों के दिलों पर छाए रहे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फिल्म ‘आरआरआर’ में तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी 1990 के दशक से ही अपने संगीत के बल पर श्रोताओं के दिलों पर छाए रहे हैं। कीरावनी का प्यार भरा तेलुगु गीत ‘‘थेलुसा मनासा’’, आज भी दर्शकों को 1990 के दौर में ले जाता है।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी फिल्म ‘आरआरआर’ में तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी 1990 के दशक से ही अपने संगीत के बल पर श्रोताओं के दिलों पर छाए रहे हैं। कीरावनी का प्यार भरा तेलुगु गीत ‘‘थेलुसा मनासा’’, आज भी दर्शकों को 1990 के दौर में ले जाता है।
कीरावनी के इस गीत को ‘‘तुम मिले’’ के हिंदी स्वरूप में सुनने के बाद उन्हें उत्तर भारत में भी खास पहचान मिली। फिल्मकार महेश भट्ट की 1994 में आई फिल्म ‘‘क्रिमिनल’’ में फिल्माए गए इस गीत को एस.पी. बालसुब्रह्मण्यम और के.एस. चित्रा ने अपनी आवाज से सजाया।
निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया।
तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ को काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने स्वर दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब ‘नाचना’ होता है।
पुरस्कार जीतने के बाद कीरावानी ने ट्वीट किया, ‘‘गोल्डन ग्लोब के लिए हर तरफ से मिली प्रतिक्रिया से अभिभूत हूं। आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।’’
भारतीय फिल्म उद्योग में नाम कमाने वाले कीरावानी ने 1990 में तेलुगु फिल्म ‘‘मनासु ममता’’ से अपने करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्होंने 1991 में पहली बार राम गोपाल वर्मा की तेलुगु फिल्म ‘‘क्षण क्षणं’’ से सफलता का स्वाद चखा।
खास बात यह है कि अपने शानदार काम के लिए तेलुगु और मलयालम फिल्म उद्योग में एम. एम. कीरावानी के नाम से मशहूर संगीतकार को हिंदी फिल्म उद्योग में एम.एम. करीम के नाम से पहचाना जाता है।
कीरावानी को 2002 में आई हिंदी फिल्म ‘‘सुर’’ के गीत ‘‘आ भी जा’’ और 1998 में आई भट्ट की फिल्म ‘‘जख्म’’ के गीत ‘‘गली में आज चांद निकला’’ के लिए भी खूब सराहा गया।
इसके अलावा भी कीरावानी ने बॉलीवुड की गई फिल्मों को अपने संगीत से सजाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)