खेल की खबरें | रोनाल्डो ने प्रशंसक का फोन फेंकने के बाद माफी मांगी, पुलिस कर रही मामले की जांच

सोशल मीडिया पर साझा किये गये फुटेज के अनुसार प्रीमियर लीग मैच में मैनचेस्टर यूनाइटेड की 1-0 से हार के बाद रोनाल्डो शनिवार को जब गुडिसन पार्क से निकल रहे थे तो उन्होंने एक समर्थक के हाथ से फोन लेकर फेंक दिया।

पुलिस ने इस मामले में पीड़ित या वहां मौजूद लोगों से गवाही देने की अपील की है।

मर्सीसाइड पुलिस ने रविवार को कहा, ‘‘ यह पता चला है कि दोपहर ढाई बजे जब मेहमान टीम के खिलाड़ी मैदान से बाहर निकल रहे थे तब उन्होंने एक लड़के पर हमला किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ मामले में पूछताछ चल रही है और अधिकारी  सीसीटीवी (वीडियो) फुटेज की समीक्षा करने के लिए एवर्टन फुटबॉल क्लब के साथ काम कर रहे हैं। इसके साथ ही हम प्रत्यक्षदर्शियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रहे कि क्या कोई अपराध हुआ है।’’

पुर्तगाल के इस स्टार स्ट्राइकर ने हालांकि बाद में अपने इस कृत्य लिए माफी मांगी।

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में रोनाल्डो ने कहा, ‘‘मैं अपने गुस्से के लिये माफी मांगना चाहता हूं और अगर संभव हो तो मैं इस समर्थक को निष्पक्ष खेल और खेल भावना के अंतर्गत ओल्ड ट्रैफर्ड पर एक मैच देखने के लिये आमंत्रित करना चाहूंगा। ’’

उन्होंने कहा कि, ‘‘हम जिस तरह के मुश्किल पल का सामना कर रहे हैं, ऐसे में भावनाओं से निपटना कभी आसान नहीं होता। ’’

रोनाल्डो ने कहा, ‘‘फिर भी, हमें हमेशा सम्मानजनक, संयमित और युवाओं के लिये उदाहरण पेश करने वाला होना चाहिए जो इस खूबसूरत खेल को पसंद करते हैं। ’’

इस हार के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)