देश की खबरें | त्रिपुरा में वामपंथियों के लिए बंद हुए रास्ते: भाजपा ने उपचुनाव नतीजों पर कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा में धनपुर और बक्सनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मिली जीत पर खुशी जाहिर की और कहा कि कभी पूर्वोत्तर का यह राज्य वामपंथियों का गढ़ हुआ करता था लेकिन उनके लिए इस राज्य में रास्ते बंद हो गए हैं।
नयी दिल्ली, आठ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा में धनपुर और बक्सनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मिली जीत पर खुशी जाहिर की और कहा कि कभी पूर्वोत्तर का यह राज्य वामपंथियों का गढ़ हुआ करता था लेकिन उनके लिए इस राज्य में रास्ते बंद हो गए हैं।
पार्टी ने दोनों सीट पर अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मजबूत और व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त’ नेतृत्व और उनके ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को दिया और कहा कि परिणाम राज्य में पार्टी की ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को लोगों की ‘स्वीकृति’ को दर्शाते हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बक्सनगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर लगभग 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले।
भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने धनपुर सीट पर 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं त्रिपुरा के लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने बक्सनगर और धनपुर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा को विजयी बनाया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उपचुनावों में जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में त्रिपुरा को एक समृद्ध राज्य में बदलने के हमारे दृढ़ संकल्प को और मजबूत करेगी।’’
शाह ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य और पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘'शानदार’ जीत के लिए बधाई दी।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने त्रिपुरा विधानसभा उपचुनावों में भारी मतों से विजयी होने पर पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री साहा और प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य को बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक विकसित एवं समृद्ध पूर्वोत्तर के संकल्प में पुन: विश्वास जताने हेतु त्रिपुरा की जनता का हृदय से आभार।’’
पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए भाजपा के प्रभारी संबित पात्रा ने उपचुनावों में पार्टी की जीत की सराहना की और कहा कि परिणामों ने विपक्षी दलों के ‘घमंडिया’ गठबंधन के अहंकार को तोड़ दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा है। लोगों ने उनके गठबंधन को ‘ठगबंधन’ साबित कर दिया है।’’
पात्रा ने कहा, ‘‘भाजपा की यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत और व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के उनके मंत्र को दर्शाती है।’’
सिपाहीजाला जिले की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा और माकपा के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला क्योंकि दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे।
भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा ने त्रिपुरा में दोनों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की...कम्युनिस्टों के लिए रास्ते बंद, जो कभी उनका गढ़ था।’’
माकपा ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया था।
उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में हुई।
माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बक्सनगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर से विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)