देश की खबरें | राजद सांसद मनोज झा ने मणिपुर हिंसा पर राष्ट्रपति को पत्र लिखा, राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर में हिंसा पर चिंता जताते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
नयी दिल्ली, पांच मई मणिपुर में हिंसा पर चिंता जताते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
राज्यसभा सदस्य झा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था कायम रखने में नाकाम रही है।
उनका यह बयान मणिपुर सरकार द्वारा राज्य में आदिवासियों और बहुसंख्यक मेईती समुदाय के बीच हिंसा को रोकने के लिए ‘देखते ही गोली मारने’ के आदेश जारी किये जाने के बाद आया है।
मुर्मू को लिखे अपने पत्र में राजद सांसद ने कहा, ‘‘मणिपुर में कई समुदाय के लोग रहते हैं। औपनिवेशिक काल से जातीय संघर्ष राज्य के लिए अहम चुनौती रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेईती समुदाय के लिए अनुसूचित जनजाति की मांग विवादास्पद मुद्दा रहा है और मणिपुर के अन्य समुदाय इसका विरोध कर रहे हैं। इस मुद्दे पर पहले भी हिंसा और प्रदर्शन हुए हैं और हाल में हिंसा का बढ़ना चिंता का विषय है।’’
झा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के भेदभावपूर्ण रवैये और कानून व्यवस्था बनाकर रखने में नाकामी से हाल में हालात और बिगड़ गये।
राजद सांसद ने कहा कि उन्हें लगता है कि मौजूदा हालात में मणिपुर की जनता की जान और संपत्तियों को बचाना जरूरी है और अंतिम विकल्प राष्ट्रपति शासन लगाने का ही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)