देश की खबरें | कांवड़ यात्रा से पूर्व मेरठ परिक्षेत्र में सुदृढ़ संचार व्यवस्था की समीक्षा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान संचार व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक (मेरठ परिक्षेत्र) कलानिधि नैथानी ने सोमवार को अपर राज्य रेडियो अधिकारी विनोद कुमार सिंह के साथ समीक्षा बैठक की।

मेरठ (उप्र), सात जुलाई श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान संचार व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक (मेरठ परिक्षेत्र) कलानिधि नैथानी ने सोमवार को अपर राज्य रेडियो अधिकारी विनोद कुमार सिंह के साथ समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में चारों परिक्षेत्रीय जनपदों- मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में स्थापित किए गए संचार उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नैथानी ने कांवड़ यात्रा की स्थिति पर हर घंटे रेंज नियंत्रण कक्ष को सूचित करने और छोटी से छोटी घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। सभी थानों को नियंत्रण कक्ष से जोड़ा गया है और सीसीटीवी और ‘यूपी-112’ नियंत्रण कक्ष से समन्वय सुनिश्चित किया गया है।

डीआईजी कार्यालय के मुताबिक, यात्रा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया के लिए कुल 263 चार पहिया और 288 दोपहिया वाहनों की तैनाती की गई है, जिसमें मेरठ में सबसे अधिक 115 चार पहिया वाहन और 55 दोपहिया शामिल हैं।

उनके कार्यालय ने बताया कि संचार उपकरणों के संचालन के लिए मेरठ व बागपत को 14-14, हापुड़ को तीन और बुलंदशहर को पांच रेडियो अधिकारी अन्य जनपदों से उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके अतिरिक्त मेरठ के औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव मंदिर, बुलंदशहर के बराल और डिबाई क्षेत्र और हापुड़ के ब्रजघाट सहित प्रमुख स्थलों पर उप नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जिनमें स्थानीय एवं बाह्य जनपदों से रेडियो अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

नैथानी ने कहा कि यात्रा के दौरान संचार प्रणाली पूरी तरह सक्रिय और सजग रहेगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\