देश की खबरें | राउत ने शिवसेना में दरार का दावा किया, कहा-महाराष्ट्र को तीसरा उपमुख्यमंत्री मिलेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में दरार का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र को उनकी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिलेगा।
मुंबई, 24 जनवरी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में दरार का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र को उनकी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिलेगा।
मुंबई में संवाददाताओं से मुखातिब राउत ने कहा कि पर्दे के पीछे की गतिविधियों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि भविष्य में राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, “किसी को भी एकनाथ शिंदे को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह आज उपमुख्यमंत्री हैं। इससे पहले वह मुख्यमंत्री थे। वह कल वहां नहीं रहेंगे, क्योंकि महाराष्ट्र को उसी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिल रहा है। उन्हें (शिंदे को) इस बारे में सोचना चाहिए।”
राउत ने शिवसेना की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ इशारा करते हुए आरोप लगाया कि शिंदे महाराष्ट्र के “दुश्मनों” के साथ काम कर रहे हैं।
शिवसेना (उबाठा) नेता की यह टिप्पणी उनके इस दावे के कुछ दिनों बाद आई है कि महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत के पास 20 विधायकों का समर्थन है और वह शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को दो गुटों में बांट सकते हैं।
राउत ने कहा था कि जब शिंदे पिछले साल नवंबर में संपन्न राज्य विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद न मिलने से खफा थे, तब सामंत को लाने की योजना थी।
हालांकि, सामंत ने पार्टी प्रमुख शिंदे के साथ किसी भी मतभेद से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके और शिंदे के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
महाराष्ट्र में फिलहाल शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार के रूप में दो उपमुख्यमंत्री हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)