देश की खबरें | दुष्कर्म मामला : प्रिंस राज ने शिकायतकर्ता पर उगाही करने का लगाया आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद प्रिंस राज, जिन्होंने दुष्कर्म के मामले में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है, ने बुधवार को दिल्ली की अदालत में शिकायतकर्ता पर उगाही करने का आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, 22 सितंबर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद प्रिंस राज, जिन्होंने दुष्कर्म के मामले में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है, ने बुधवार को दिल्ली की अदालत में शिकायतकर्ता पर उगाही करने का आरोप लगाया।

दिवंगत नेता रामविलास पासवान के भतीजे और चिराग पासवान के चचेरे भाई प्रिंस राज ने विशेष न्यायाधीश विकास ढल की अदालत में यह आरोप लगाया। यह अदालत प्रिंस राज की अग्रिम जमानत की याचिका पर बुधवार को सुनवाई कर रही थी।

प्रिंस राज की याचिका पर मंगलवार को विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल को सुनवाई करनी थी लेकिन उन्होंने निजी कारणों से खुद को मामले से अलग कर लिया। उन्होंने मामले को जिला न्यायाधीश को भेज दिया जिन्होंने आज मामले को नयी अदालत को आवंटित किया।

बिहार के समस्तीपुर से लोकसभा सदस्य प्रिंस राज के वकील ने अदालत को बताया कि कथित पीड़िता और उसके पुरुष मित्र उनके मुवक्किल को वर्ष 2020 से ही ब्लैकमेल कर धन उगाही की कोशिश कर रहे हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता विकास पहवा ने अदालत को बताया कि महिला और उसका पुरुष मित्र प्रिंस राज से एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे और इसे नहीं मानने पर फर्जी शिकायत दर्ज कराने की धमकी दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में 10 फरवरी को संसद पुलिस थाने में महिला और उसके पुरुष साथी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी और मामले में दोनों को अदालत ने जुलाई में अग्रिम जमानत दी थी।

राज का ही पक्ष रख रहे अधिवक्ता नीतेश राणा ने अदालत को बताया कि इस बीच महिला ने 31 मई को उनके मुवक्किल के खिलाफ कथित दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बाद में महिला ने प्रिंस राज के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत में मामला दायर किया। इस पर अदालत ने पुलिस से कार्रवाई रिपोर्ट तलब की।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अदालत में जमा कार्रवाई रिपोर्ट में कहा गया कि महिला की शिकायत में कोई तथ्य नहीं मिला और धन उगाही का मामला है।

वहीं, पुलिस ने प्रिंस राज के आवेदन का विरोध करते हुए कहा कि मामले में उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत है। पुलिस ने अदालत में जमा अपने जवाब में कहा कि आरोपी को हिरासत में लेने की जरूरत है ताकि पीड़िता के आरोप के मुताबिक उस कथित वीडियो क्लिप बरामद किया जा सके जिसमें आपत्तिजनक सामग्री है।

अदालत अब इस मामले को बृहस्पतिवार को सुनेगी।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने अदालत के आदेश पर प्रिंस राज के खिलाफ नौ सितंबर को दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। महिला का आरोप है कि वह लोजपा कार्यकर्ता है और प्रिंस राज ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\