जरुरी जानकारी | रामको सीमेंट्स का चौथी तिमाही का मुनाफा 27.3 प्रतिशत बढ़कर 150.6 करोड़ रुपये पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रामको सीमेंट्स लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 27.3 प्रतिशत बढ़कर 150.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बिक्री बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
नयी दिल्ली, 18 मई रामको सीमेंट्स लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 27.3 प्रतिशत बढ़कर 150.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बिक्री बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
रामको सीमेंट्स ने एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान 118.27 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की बिक्री 50.71 प्रतिशत बढ़कर 2,558.68 करोड़ रुपये की हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,697.66 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में सीमेंट और ड्राई मोर्टार उत्पादों की बिक्री 47 लाख टन है, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 32.3 लाख टन की बिक्री हुई थी। यह वृद्धि, मात्रा के स्तर पर 46 प्रतिशत के प्रभावशाली वृद्धि के कारण हुई है।’’
रामको सीमेंट्स का कुल खर्च चौथी तिमाही में 52.51 प्रतिशत बढ़कर 2,378.95 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,559.77 करोड़ रुपये था।
मार्च, 2023 को समाप्त पूरे वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 64.31 प्रतिशत घटकर 314.52 करोड़ रुपये रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 881.48 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की एकीकृत आय 8,052.28 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 36.54 प्रतिशत अधिक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)