देश की खबरें | रामबाग मुठभेड़: श्रीनगर के व्यस्ततम इलाके बंद रहीं दुकानें, मोबाइल इंटरनेट निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू कमांडर समेत तीन आतंकवादियों के मारे जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को श्रीनगर के व्यस्ततम इलाके में अधिकतर दुकानें बंद रहीं जबकि शहर के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 25 नवंबर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू कमांडर समेत तीन आतंकवादियों के मारे जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को श्रीनगर के व्यस्ततम इलाके में अधिकतर दुकानें बंद रहीं जबकि शहर के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में बंद देखा गया उनमें श्रीनगर के अंदरूनी इलाके नौहट्टा, गोजवाड़ा, खानयार, सफाकदल, नवाकदल, राजौरी कदल और एमआर गंज शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात सामान्य रूप से जारी रहा। शहर के कई इलाकों में ऐहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं।
पुलिस ने बुधवार को कहा था कि सुरक्षा बलों ने शहर के रामबाग इलाके में एक संक्षिप्त मुठभेड़ में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए आतंकवादियों में टीआरएफ का स्वयंभू कमांडर मेहरान शल्ला भी शामिल था, जो यहां नवाकदल के जमालता इलाके का निवासी था। अन्य दो आतंकवादियों की पहचान मंजूर अहमद मीर और अराफात शेख के रूप में हुई। दोनों पुलवामा के निवासी थे।
पुलिस ने कहा कि तीनों लश्कर-ए-तैयबा की शाखा टीआरएफ से जुड़े थे।
उन्होंने बताया कि शल्ला पिछले महीने शहर के ईदगाह इलाके में एक स्कूल के अंदर अल्पसंख्यक समुदायों के दो शिक्षकों की गोली मारकर हत्या करने समेत आम लोगों की हत्या के कई मामलों में वांछित था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)