देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में विधि कॉलेज की छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के विरोध में रैलियां निकाली गईं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शहर के एक सरकारी विधि कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा से कथित सामूहिक बलात्कार के विरोध में रविवार को एक रैली का नेतृत्व किया और पश्चिम बंगाल में हर बेटी की सुरक्षा की मांग की।

कोलकाता, 29 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शहर के एक सरकारी विधि कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा से कथित सामूहिक बलात्कार के विरोध में रविवार को एक रैली का नेतृत्व किया और पश्चिम बंगाल में हर बेटी की सुरक्षा की मांग की।

कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और नागरिक संस्था के सदस्यों द्वारा भी शहर और इसके बाहरी इलाकों में इसी तरह की रैलियां निकाली गईं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अधिकारी और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने ‘‘हमारी बेटियों’’ की सुरक्षा की मांग करते हुए एक किलोमीटर से कुछ कम दूरी तक पैदल मार्च किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर नहीं किया जाता, बंगाल में महिलाओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने अतीत में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित महिलाओं के चरित्र पर संदेह जताया था।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा युवा शाखा के कार्यकर्ताओं ने कस्बा पुलिस थाने तक रैली निकालने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम कस्बा पुलिस थाने तक मार्च निकालने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय से अनुमति मांगेंगे।’’

अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि दो जुलाई को कस्बा पुलिस थाने तक रैली निकाली जाएगी जिसमें कार्यस्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और घरों में महिलाओं की सुरक्षा की मांग की जाएगी।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में लोग पार्क स्ट्रीट-जेएल नेहरू क्रॉसिंग से कस्बा पुलिस थाने की ओर मार्च करेंगे। विधि कॉलेज की छात्रा पर हुए बर्बर अत्याचार के विरोध में इस मार्च का आह्वान किया गया है। लेकिन यह कोई अकेली घटना नहीं है। हम पिछले कुछ वर्षों से महिलाओं के खिलाफ जारी अत्याचारों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम चुप नहीं बैठेंगे। जब तक ममता बनर्जी सरकार, जो अपराधियों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को संरक्षण दे रही है, को सत्ता से बाहर नहीं कर दिया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।’’

अधिकारी ने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर नौ अगस्त को ‘नबान्न अभियान’ (राज्य सचिवालय तक मार्च) करेगी।

कांग्रेस ने रविवार को शहर के खिदरपुर इलाके में और भाजपा की युवा शाखा के सदस्यों ने हाटीबागान इलाके में रैली निकाली और बंगाल में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का आरोप लगाया तथा हर महिला की सुरक्षा की मांग की।

माकपा की छात्र एवं युवा शाखा एसएफआई और डीवाईएफआई ने भी इसी मुद्दे पर उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में रैली निकाली।

आरजी कर पीड़िता के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने वाले मंच अभय मंच से जुड़े नागरिक समाज के सदस्यों ने कस्बा पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन किया।

सामाजिक कार्यकर्ता रिमझिम सिन्हा और लेखिका-कार्यकर्ता शताब्दी दास ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि महिलाओं पर इस तरह की बर्बरता करने वालों को नहीं बख्शा जायेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पहले ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

राज्य मंत्री और तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘भाजपा इस घटना का राजनीतिकरण कर रही है। वे ओडिशा, कई अन्य भाजपा शासित राज्यों और मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं पर चुप क्यों हैं?’’

साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ 25 जून को दो वरिष्ठ छात्रों और एक पूर्व छात्र द्वारा कथित तौर पर बलात्कार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\