देश की खबरें | राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट फिर भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष निर्वाचित हुए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट मंगलवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

देहरादून, एक जुलाई राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट मंगलवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

वह राज्य में 25 वर्षों में लगातार कार्यकाल पाने वाले एकमात्र पार्टी प्रमुख बन गए हैं।

पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा ​​ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा राज्य के पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनके दोबारा निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा की।

दो बार विधायक भी रह चुके भट्ट ने उन पर विश्वास जताने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया और कहा कि वह राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझ जैसे साधारण पार्टी कार्यकर्ता को एक और कार्यकाल की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत हमारे सभी केंद्रीय नेताओं और मुख्यमंत्री का भी आभारी हूं।’’

राज्य में भाजपा को मिली व्यापक चुनावी जीत (2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव) के लिए धामी के सक्षम नेतृत्व को श्रेय देते हुए, भट्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आगामी पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।

वर्ष 2000 में उत्तराखंड के गठन के बाद यह पहला मौका है जब किसी भाजपा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष को लगातार दूसरी बार चुना गया है। प्रदेश अध्यक्ष पर भट्ट का फिर से चुना जाना तय था क्योंकि वह इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे।

वह पहली बार 2022 में उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बने थे। उन्होंने मदन कौशिक की जगह ली थी।

भट्ट राम जन्मभूमि आंदोलन और उत्तराखंड राज्य के लिए आंदोलन से जुड़े रहे हैं। इन दोनों आंदोलनों के दौरान उन्हें दो बार जेल जाना पड़ा।

भट्ट ने 1990 के दशक की शुरुआत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।

वह 2000 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने और 2002 तक उस पद पर रहे।

उन्होंने 2002 में नंदप्रयाग से अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता और 2007 तक विधानसभा में उस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2017 में, वह फिर से विधायक बने, इस बार बद्रीनाथ सीट से।

भट्ट अप्रैल 2024 से राज्यसभा सदस्य हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now