देश की खबरें | राजस्थान : नेता प्रतिपक्ष ने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के

जयपुर, आठ मार्च राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को कहा कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का "पुनः उद्घाटन" दुर्भाग्यपूर्ण है और यह विधायकों और लोकतंत्र दोनों का अपमान है।

जूली ने कहा, ‘‘ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने तो विकास के नाम पर कुछ किया नहीं है, बल्कि वह कांग्रेस शासन में किए गए कार्यों का पुनः लोकार्पण और उद्घाटन करके झूठा श्रेय लेती आई है।’’

कांग्रेस नेता ने बताया कि ‘‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायकों की उच्चस्तरीय सुविधा और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विधानसभा के नजदीक ही विधायक आवास और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का निर्माण करवाया था और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी और तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की मौजूदगी में इन दोनों योजनाओं का उद्घाटन कर दिया गया था।

हालांकि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हो जाने के बाद जूली ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपनी परंपरा और आदत के अनुसार झूठा श्रेय लेने के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के उद्घाटन के नाम पर दोबारा उद्घाटन किए जाने का कार्यक्रम रखा, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण ओर लोकतंत्र का अपमान है।’’

जूली ने कहा, ‘‘कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार और विधानसभा सचिवालय के इस दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय को लोकतंत्र और विधायकों का अपमान बताते हुए समारोह के बहिष्कार का निर्णय लिया और आज कांग्रेस विधायक दल के किसी भी सदस्य ने कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।’’

कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की मौजूदगी में किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)