देश की खबरें | राजस्थान: बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बुधवार को यहां विभाग की उच्च स्तरीय बैठक ली और बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।

जयपुर, 19 जून चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बुधवार को यहां विभाग की उच्च स्तरीय बैठक ली और बारिश के मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ली गई बैठक में खींवसर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मानसून में राजधानी से लेकर गांव-ढाणी तक मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक में उन्होंने कहा, ‘‘मौसम विभाग के अनुसार राज्य में जुलाई में मानसून आने की संभावना है। इसे देखते हुए मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि मौसमी बीमारियों से बचाव, अतिवृष्टि की स्थिति में जलभराव, चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक मरम्मत कार्यों सहित आवश्यक व्यवस्था समय पर की जाएं।’’

उन्होंने कहा कि तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए राजस्थान मेडिकेल रिलीफ सोसाइटी (आरएमआरएस) में उपलब्ध राशि का युक्तिसंगत उपयोग किया जाए।

चिकित्सा मंत्री ने कहा, ‘‘संयुक्त निदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में जाकर तैयारियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें। बारिश शुरू होने से पहले सभी चिकित्सा संस्थानों में दवा, जांच, उपचार सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नियंत्रण कक्षों का सुचारू संचालन हो। त्वरित प्रतिक्रिया दल अलर्ट पर रहें। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल रखा जाए।’’

खींवसर ने कहा कि तापघात से बचाव के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित किए, जिसके कारण प्रदेश में उष्ण लहर जनित बीमारियों से लोगों को तत्काल राहत मिल सकी और मौतों की संख्या को नियंत्रित किया जा सका।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भी इसी तरह संकल्पित भाव से काम कर आमजन को राहत पहुंचाएं।

चिकित्सा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने कहा, ‘‘मौसमी बीमारियों पर रोकथाम को लेकर प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है। आगामी मानसून को देखते हुए परामर्श जारी कर दिया गया है। मौसमी बीमारियों पर रोकथाम एवं जलभराव आदि समस्याओं से निपटने के लिए जिला स्तर पर योजना बनाई जा रही है।’’

पृथ्वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\