राजस्थान सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य पर राजनीति को तरजीह दी :शेखावत
जोधपुर से सांसद शेखावत ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थिति से निपटने में कमियों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार से आत्मावलोकन करने को भी कहा। यह क्षेत्र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी गृह नगर है।
जोधपुर (राजस्थान), नौ मई केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को राजस्थान सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उसने लोगों के स्वास्थ्य पर राजनीति को तरजीह दी और वह कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में नाकाम रही है।
जोधपुर से सांसद शेखावत ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थिति से निपटने में कमियों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार से आत्मावलोकन करने को भी कहा। यह क्षेत्र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी गृह नगर है।
शेखावत ने कहा, ‘‘यदि कमियां नहीं होतीं तो सरकार जयपुर और जोधपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने में नाकाम नहीं होती।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य पर राजनीति को तरजीह दी, जिसके चलते राज्य में और खासतौर पर जोधपुर में स्थिति बदतर हुई है।
शेखावत ने एक बयान में गहलोत पर यह आरोप भी लगाया कि वह कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों को रोकने के लिये गंभीर कदम नहीं उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तुष्टिकरण की राजनीति में संलिप्त हैं।
राज्य के लिये केंद्र के धन जारी नहीं करने के गहलोत के दावे का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि पर्याप्त बजट जारी किया गया है लेकिन राजस्थान सरकार ने उसका उपयुक्त उपयोग नहीं किया है।
मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिला प्रशासन और पुलिस उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दे रही है।
इन आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अजय त्रिवेदी ने कहा कि मंत्री लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेता के निर्वाचन क्षेत्र से उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)