देश की खबरें | राजस्थान : करौली में पत्थरबाजी, आगजनी की घटनाओं के बाद लगा कर्फ्यू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के करौली जिले में शनिवार को नवसंवत्सर के उपलक्ष्य में आयोजित बाइक रैली पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव और आगजनी की घटना के बाद पैदा हुए तनाव के चलते शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी।
जयपुर, दो अप्रैल राजस्थान के करौली जिले में शनिवार को नवसंवत्सर के उपलक्ष्य में आयोजित बाइक रैली पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव और आगजनी की घटना के बाद पैदा हुए तनाव के चलते शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी।
करौली जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि ‘‘ शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई हैं। स्थिति तनाव पूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष ने बताया कि शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाके से जब बाइक रैली गुजर रही थी उसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने रैली पर पथराव किया जिससे तनाव हुआ और कुछ दोपहिया वाहनों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिये पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे।
पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार पत्थरबाजी की घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक गंभीर को जयपुर रेफर किया गया है जबकि 5-7 घायलों को उपचार के लिये करौली के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)