देश की खबरें | राजस्थान : कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गोगोई ने राज्य के नेताओं से मुलाकात की

जयपुर, 29 अगस्त राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मंगलवार को यहां अजमेर, बीकानेर, सीकर और जयपुर संभाग के पार्टी नेताओं के साथ आमने सामने की बैठक की।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि टिकट चाहने वाले विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और अन्य लोगों ने कांग्रेस कमेटी के कार्यालय 'वॉर रूम' में स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की।

वहीं बैठकों के इस दौर के दौरान ही चाकसू विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मौजूदा विधायक वेद प्रकाश सोलंकी के खिलाफ 'वॉर रूम' के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पार्टी से मांग की कि इस बार सोलंकी को टिकट न दिया जाए।

प्रदर्शन कर रहे एक कार्यकर्ता ने कहा,‘‘हम नहीं चाहते कि पार्टी सोलंकी को चाकसू से दोबारा उम्मीदवार बनाए। पार्टी को किसी स्थानीय व्यक्ति को चुनाव लड़ने का मौका देना चाहिए।’’

बाद में सोलंकी के समर्थक भी 'वॉर रूम' के सामने पहुंच गए और उनके समर्थन में नारे लगाए। सोलंकी को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का करीबी माना जाता है।

गोगोई और समिति के सदस्य अभिषेक दत्त और गणेश गोदियाल ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)