देश की खबरें | राजस्थान : नागौर सीट से भाजपा उम्मीदवार ज्योति मिर्धा ने नामांकन भरा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागौर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार ज्योति मिर्धा ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
जयपुर, 26 मार्च नागौर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार ज्योति मिर्धा ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नागौर कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी मौजूद रहे।
नागौर से पूर्व कांग्रेस सांसद मिर्धा 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गई थीं। नागौर सीट से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल भी उम्मीदवार हैं। बेनीवाल इस बार कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी पार्टी के साथ गठबंधन के तहत कांग्रेस ने यह सीट छोड़ी है।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।
वहीं, दूसरे चरण में 13 सीटों टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।
इसके अलावा, बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बागीदौरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी 26 अप्रैल को दूसरे चरण में होगा। यह सीट कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय के कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हुई थी।
मालवीय बांसवाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)