देश की खबरें | राजस्थान : पहले चरण में 12 लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए 131 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान की 12 सीट पर होने वाले मतदान के लिए अब तक 131 प्रत्याशियों ने 179 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

जयपुर, 27 मार्च लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान की 12 सीट पर होने वाले मतदान के लिए अब तक 131 प्रत्याशियों ने 179 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी(सीईओ) प्रवीण गुप्ता ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन बुधवार को 91 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किया। पहले चरण के लिए कुल 131 उम्मीदवारों ने दावेदारी की है।

गुप्ता ने बताया कि राज्य में पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना 20 मार्च को जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

पहले चरण के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी, जबकि 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 19 अप्रैल को होगा और मतों की गिनती चार जून को होगी।

उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 17 उम्मीदवारों ने जयपुर ग्रामीण सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया है, इसके बाद जयपुर, चूरू और सीकर से 16-16 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।

गुप्ता ने बताया कि करौली-धौलपुर लोकसभा क्षेत्र से केवल चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किये हैं।

इस बीच, दूसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना 28 मार्च को जारी की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण के चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

सभी निर्वाचन अधिकारी सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे और उम्मीदवार चार अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। दूसरे चरण में राजस्थान की 13 लोकसभा सीट के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा।

दूसरे चरण में टोंक-सवाईमाधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां सीटों पर मतदान होगा।

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now