रेलवे ने अब तक 115 श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाईं, एक लाख से ज्यादा प्रवासी मजदूरों को मंजिल तक पहुंचाया
रेलवे ने कहा कि बुधवार को 42 ट्रेनों में से 22 ट्रेन दिन में रवाना हुईं जबकि 20 ट्रेन रात को चलेंगी।
नयी दिल्ली, छह मई रेलवे ने बुधवार को बताया कि उसने एक मई से अबतक 115 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जिनमें लॉकडाउन की वजह से देश के अलग अलग हिस्सों में फंसे एक लाख से ज्यादा प्रवासी मजदूरों को मंजिल तक पहुंचाया गया।
रेलवे ने कहा कि बुधवार को 42 ट्रेनों में से 22 ट्रेन दिन में रवाना हुईं जबकि 20 ट्रेन रात को चलेंगी।
कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर लागू किए गए लॉकडाउन के कारण कार्यस्थलों पर फंस गए प्रवासी कामगारों के लिए रेलवे ने मंगलवार रात तक 88 ट्रेनें चलाई।
प्रत्येक विशेष ट्रेन में 24 डिब्बे हैं और हर डिब्बे में 72 सीट हैं। सामाजिक दूरी के नियम का पालन हो, इसके लिए रेलवे द्वारा एक डिब्बे में 54 यात्रियों को ही बैठाया जा रहा है।
कर्नाटक सरकार ने अगले पांच दिनों में राज्य से चलने वाली 10 ट्रेनों को मंगलवार को रद्द कर दिया। हालांकि राज्य सरकार ने कहा कि बेंगलुरु से बिहार के लिए तीन ट्रेन तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार रवाना होंगी।
रेलवे ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह खुलासा नहीं किया है कि इन सेवाओं पर कितना पैसा खर्च हुआ है, हालांकि सरकार ने कहा है कि 85 और 15 के अनुपात में राज्यों के साथ खर्च वहन किया गया। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं रेलवे ने प्रत्येक सेवा पर 80 लाख रुपये खर्च किए।
मंगलवार की सुबह तक, गुजरात से करीब 35 ट्रेन रवाना हुईं, जबकि केरल से 13 रेलगाड़ियां रवाना हुईं।
पीटीआई- के पास मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, 13 ट्रेनें बिहार पहुंच गईं हैं और 11 ट्रेनें रास्ते में हैं, जबकि छह और चलाए जाने की योजना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)