देश की खबरें | शराब कंपनी के खिलाफ छापों से 870 करोड़ रुपये से अधिक के कालेधन पता चला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीबीडीटी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आयकर विभाग ने बेंगलुरु स्थित एक ‘‘प्रमुख’’ शराब उत्पादन समूह पर छापा मारने के बाद 870 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता लगाया है।

नयी दिल्ली, 11 फरवरी सीबीडीटी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आयकर विभाग ने बेंगलुरु स्थित एक ‘‘प्रमुख’’ शराब उत्पादन समूह पर छापा मारने के बाद 870 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता लगाया है।

ये छापेमारी 9 फरवरी को देशभर के 26 स्थानों पर की गई।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘छापेमारी और जब्ती कार्रवाई से कुल मिलाकर 878.82 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला है।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘इस समूह के पास जमीन का एक बड़ा टुकड़ा है जिसे बेंगलुरु स्थित एक बिल्डर द्वारा आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों में विकसित किया जा रहा है।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘छापों से बेंगलूरु स्थित एक प्रमुख बिल्डर के साथ संयुक्त विकास परियोजनाओं के जरिये 692.82 करोड़ रुपये से अधिक की आय छिपाने से संबंधित दस्तावेजों का पता चला है।’’

बयान के अनुसार समूह की कंपनियों ने 86 करोड़ रुपये के खर्च का ‘‘धोखे’’ के जरिये दावा किया है।

उसने कहा, ‘‘उनके शराब कारोबार के संबंध में, केरल स्थित उनके शराब उत्पादन संयंत्रों में से 74 करोड़ रुपये की बेहिसाब बिक्री का पता लगा है। समूह की कंपनियों ने अपने व्यापारिक इकाइयों में 17 करोड़ रुपये के फर्जी खर्च का भी दावा किया है।’’

उसने दावा किया कि समूह के निदेशकों ने 9 करोड़ रुपये का अस्पष्टीकृत व्यय किया है जिससे आयकर अधिनियम की धारा 69 सी के प्रावधान लागू होते हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘उनके कर्मचारियों और सहयोगियों के नाम पर बेनामी संपत्तियों में कई सालों से बड़ी संख्या में निवेश किए गए हैं।’’

सीबीडीटी ने कहा कि समूह और सहयोगियों के प्रवर्तकों के रिश्तेदारों के नाम पर कुल 35 ‘‘संदिग्ध बेनामी संपत्तियों’’ की पहचान की गई है जिनकी कीमत 150 करोड़ रुपये से अधिक है।

उसने कहा कि समूह की कंपनी के एक निदेशक के नाम पर विदेशी संपत्ति के भी सबूत हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\