देश की खबरें | राहुल, खरगे का आरोप: महाराष्ट्र के बाद बिहार में चुनाव ‘चोरी करने’ की फिराक में भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी करने’’ का प्रयास कर रही है।

भुवनेश्वर, 11 जुलाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी करने’’ का प्रयास कर रही है।

यहां पार्टी के ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर अपना कर्तव्य न निभाने और भाजपा के हित में काम करने का आरोप लगाया।

गांधी ने कहा, ‘‘हम भाजपा और ईसीआई को बिहार में चुनाव की चोरी करने से रोकेंगे।’

कांग्रेस आरोप लगाती रही है कि मतदाता सूची में हेराफेरी से भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीतने में मदद मिली।

गांधी ने आरोप लगाया कि ओडिशा की नई भाजपा सरकार उद्योगपति गौतम अदाणी द्वारा चलाई जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि अदाणी के लिए पुरी में रथ यात्रा रोक दी गई थी।

उन्होंने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहित करते हुए कहा, ‘‘आप ‘बब्बर शेर’ हैं, किसी से न डरें और न्याय के लिए लड़ें।’’

जनसभा के बाद बंद कमरे में हुई बैठकों में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने ओडिशा के नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें आपसी कलह छोड़कर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में इस प्रयास को ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के घटक दलों द्वारा विफल किया जाएगा।

कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने यहां ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित किया और जनता का आह्वान किया कि वे ओडिशा में ‘‘जल, जंगल, जमीन’’ छीनने वाली सरकार को सत्ता से बेदखल करें।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘महाराष्ट्र की तरह, बिहार में भी चुनाव को चोरी करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा पूरे देश में हमारे संविधान पर हमला कर रही है।’’

उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में घटक दलों ने, बिहार में भाजपा को चुनाव की ‘‘चोरी करने’’ से रोकने का फैसला किया है।

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के हित में काम कर रहा है और अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है।

खरगे ने पुनरीक्षण मामले का हवाला देते हुए कहा कि लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘महाराष्ट्र में जो सरकार बनाई है वह चोरी (से) और चोरों की सरकार है। 85 लाख वोट को बदलकर वहां भाजपा ने सरकार बनाई। आज वही कोशिश बिहार में हो रही है। बिहार में सात करोड़ मदाताओं में से दो करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।’’

उन्होंने लोगों से सवाल किया, ‘‘क्या सत्ता में ऐसे लोग चाहिए, क्या इससे लोकतंत्र बचेगा?’’

खरगे ने कहा कि ऐसे गद्दारों को सत्ता से निकाल देना चाहिए, उन्हें सबक सिखाना चाहिए।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा पांच-छह पूंजीपतियों के लिए सरकार चलाती है। यह देश के आम लोगों के लिए काम नहीं करती।’’

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘जल, जंगल, जमीन’’ आदिवासियों के हैं और उनके ही रहेंगे।

राहुल गांधी ने दावा किया कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, 1996 को लागू नहीं किया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यहां आदिवासियों को वन अधिकार पट्टे नहीं दिए जाते। कांग्रेस ‘पेसा’ (पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम) और आदिवासी विधेयक लेकर आई। हम इन कानूनों को लागू करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि आदिवासियों को उनकी जमीन मिले।’’

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा में भाजपा की सरकार उद्योगपति गौतम अदाणी चलाते हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘यह ओडिशा की सरकार नहीं है, यह अदाणी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है।’’

उन्होंने दावा किया कि श्री जगन्नाथ यात्रा के रथ को अदाणी और उनके परिवार के लिए रोक दिया गया था।

हालांकि राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने इस दावे को खारिज कर दिया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जाति जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ओडिशा में यह भी जरूरी है ताकि सबकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या आपकी सरकार ने ओडिशा के युवाओं को कितना रोजगार दिया है? यह जो बड़े-बड़े उद्योग आते हैं, बड़ी-बड़ी कंपनियां आती हैं, वो आपकी जमीन ले जाती हैं, आपका धन, आपकी प्राकृतिक दौलत ले जाती हैं। लेकिन ये आपके कितने लोगों को रोजगार देती हैं?’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले आपके छोटे कारोबार, छोटी कंपनियों और छोटे एवं मध्यम कारोबार को खत्म करती हैं और फिर आपकी जमीन, आपका धन, आपका जंगल, आपका जल छीन लेती हैं।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में ओडिशा में 40 हजार से ज्यादा महिलाएं गायब हो गई हैं, लेकिन आज तक किसी को नहीं पता कि यह महिलाएं कहां गईं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यहां महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। ओडिशा में हर दिन 15 महिलाओं का बलात्कार होता है, लेकिन यहां की सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है।

राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वो भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कमर कस लें।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा ओडिशा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान से धर्मनिरपेक्ष और समाजवाद शब्दों को हटाना और पूरा संविधान ही खत्म करना चाहती है।

खरगे ने भाजपा समर्थकों पर ओडिशा में दलितों और सरकारी अधिकारियों पर हमला करने का भी आरोप लगाया।

केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकारों ने 160 सार्वजनिक उपक्रम स्थापित किए, जबकि भाजपा सरकार ने उनमें से 23 बेच दिए।

खरगे ने आरोप लगाया, ‘‘(प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी जी कांग्रेस द्वारा बनाई गई सार्वजनिक संपत्तियों को अपने चुनिंदा दोस्तों को बेच रहे हैं। उनका एक ही एजेंडा है - संविधान को नष्ट करना।’’

खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर भारत और पाकिस्तान के सैन्य संघर्ष को रुकवाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाया।

खरगे ने कहा कि ट्रंप ने 16 बार ऐसे बयान दिए जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत से संघर्ष विराम के लिए कहा है, लेकिन प्रधानमंत्री चुप रहे क्योंकि उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Ishan Kishan New Record: मौजूदा टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका, अपने नाम कर सकते हैं कई बड़े रिकॉर्ड्स

India vs New Zealand, 1st T20I Match Scorecard: क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के सामने रखा 226 रनों का टारगेट, ग्लेन फिलिप्स ने खेली शानदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

England vs Sri Lanka, 3rd ODI Tri-Series Match Live Score Update: रावलपिंडी में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है त्रिकोणीय सीरीज का अहम मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? रावलपिंडी में इंग्लैंड बनाम श्रीलंका के बीच तीसरे वनडे मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट