ताजा खबरें | चुनावों में हार की ठीकरा ईवीएम पर फोड़ेंगे राहुल और अखिलेश : अमित शाह

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने तय कर लिया है कि लोकसभा चुनावों में हार का ठीकरा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर फोड़ना है।

महराजगंज (उप्र), 29 मई केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने तय कर लिया है कि लोकसभा चुनावों में हार का ठीकरा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर फोड़ना है।

शाह ने यहां पार्टी के उम्मीदवार पंकज चौधरी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनावों के पहले पांच चरणों में ही बहुमत हासिल कर चुकी है।

उन्होंने कहा, ''चार जून को मतगणना है। चार तारीख की दोपहर को दोनों शहजादे (राहुल गांधी और अखिलेश यादव) संवाददाता सम्मेलन करेंगे और कहेंगे कि ईवीएम खराब थी इसलिए हम चुनाव हार गए।''

शाह ने दावा किया, ''पांच चरणों में भाजपा ने 310 सीट का आंकड़ा पार कर लिया है। राहुल बाबा आपकी पार्टी 40 सीट के आंकड़े को भी पार नहीं कर पायेगी और समाजवादी पार्टी चार सीटों के अंदर ही सिमट जाएगी।''

शाह ने कहा कि विपक्ष के 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के पास प्रधानमंत्री पद का कोई प्रत्याशी ही नहीं है और 130 करोड़ के भारत में बारी-बारी वाले प्रधानमंत्री नहीं चल सकते।

उन्होंने कहा, ''भाइयों और बहनों, यह परचून की दुकान नहीं है। यह 130 करोड़ का महान भारत है। बारी-बारी का प्रधानमंत्री चल सकता है क्या?''

शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता कहते हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है लेकिन भाजपा के लोग परमाणु बम से नहीं डरते।

उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का हिस्सा है और रहेगा और हम इसे वापस लेंगे।''

शाह ने आरोप लगाया कि सहारा इंडिया का घोटाला उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार में हुआ था। उसके पीड़ितों को उनका धन वापस दिलवाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू कराया। अब तक साढ़े तीन लाख लोगों को धन दिलवाया गया है। भविष्य में साढ़े तीन करोड लोगों को 85 हजार करोड रुपए वापस दिलवाये जाएंगे।

शाह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, ''आज चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि है। नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भारत रत्न देने का काम किया और उत्तर प्रदेश के सभी किसानों को सम्मान दिया।''

गृह मंत्री ने क्षेत्र में चीनी मिलों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष ने 30 चीनी मिलें बंद करवायीं जबकि भाजपा सरकार ने 20 मिलें चालू कीं और पांच नई मिलें बनाईं।

महाराजगंज में मतदान एक जून को होना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें