देश की खबरें | पी वी एन माधव ने भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पी वी एन माधव ने मंगलवार को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के तौर पर औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। उन्होंने डी पुरंदेश्वरी का स्थान लिया है।
अमरावती, एक जुलाई भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पी वी एन माधव ने मंगलवार को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के तौर पर औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। उन्होंने डी पुरंदेश्वरी का स्थान लिया है।
बेंगलुरु से सांसद और भाजपा नेता पी सी मोहन ने चुनाव प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया और घोषणा की कि माधव को सर्वसम्मति से भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया है।
पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है ‘‘माधव को प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस बदलाव के साथ ही राज्य में राजमुंदरी से सांसद डी पुरंदेश्वरी के लगभग दो वर्षों के कार्यकाल का समापन हुआ।
पार्टी के अनुसार, माधव का अध्यक्ष चुना जाना पहले से तय माना जा रहा था, क्योंकि सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले वह एकमात्र उम्मीदवार थे।
पी वी एन माधव का जन्म 10 अगस्त, 1973 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 2003 में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया था।
वर्ष 2003 से 2007 के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदेश उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कई कार्यक्रम आयोजित किए और युवा मोर्चा को मजबूत करने की दिशा में काम किया।
वर्ष 2007 से 2010 तक वह भाजयुमो के प्रदेश महासचिव और 2010 से 2013 तक राष्ट्रीय सचिव रहे।
वर्ष 2009 के आम चुनाव में उन्होंने विशाखापत्तनम उत्तर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में वह विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बने।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)