देश की खबरें | पंजाब सरकार ने कई इलाकों में जलभराव के लिए हरियाणा पर फोड़ा ठीकरा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब सरकार में मंत्री चेतन सिंह जोरमाजरा ने राज्य के कई गांवों में जलभराव के लिए बुधवार को हरियाणा पर निशाना साधा और कहा कि अगर पड़ोसी राज्य ने समय पर हांसी-बुटाना नहर के अंतर्गत घग्गर नदी पर बने 'साइफन' को साफ कर दिया होता तो स्थिति को टाला जा सकता था।

चंडीगढ़/सुल्तानपुर लोधी, 12 जुलाई पंजाब सरकार में मंत्री चेतन सिंह जोरमाजरा ने राज्य के कई गांवों में जलभराव के लिए बुधवार को हरियाणा पर निशाना साधा और कहा कि अगर पड़ोसी राज्य ने समय पर हांसी-बुटाना नहर के अंतर्गत घग्गर नदी पर बने 'साइफन' को साफ कर दिया होता तो स्थिति को टाला जा सकता था।

जोरमाजरा ने कहा कि उन्होंने पटियाला उपायुक्त साक्षी साहनी से कैथल जिले में उनके (साक्षी) समकक्ष के सामने यह मुद्दा उठाने को कहा है।

पंजाब के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे जोरमाजरा ने बुधवार को कहा, ''हरियाणा सरकार हांसी-बुटाना नहर (हरियाणा क्षेत्र में आने वाली) के अंतर्गत घग्गर नदी पर बने साइफन को समय पर साफ कराने में विफल रही, जिसके परिणामस्वरूप पंजाब के हमारे इलाके के गांवों में भारी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।''

उन्होंने कहा, ''हरियाणा सरकार को पहले ही साइफन को साफ कराना चाहिए था। अगर साइफन समय पर साफ हो चुके होते तो इस स्थिति को टाला जा सकता था।''

वहीं, सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने बुधवार को पंजाब के सुल्तानपुर लोधी शहर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मांड से 200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कपूरथला उपायुक्त करनैल सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने बचाए गए 223 लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया है, जहां उन्हें राशन, पीने का पानी और जरूरत का सामान मुहैया कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ''पंजाब पुलिस, एनडीआरएफ और सेना के जवान बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने के लिए चौबीस घंटे काम कर रहे हैं। कल (मंगलवार) एनडीआरएफ ने 59 लोगों को निकाला था।''

सिंह ने कहा कि सेना के जवानों और पुलिस कर्मियों ने अलग-अलग इलाकों से 30 से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now