देश की खबरें | डायरिया की आशंका वाले क्षेत्रों में प्रोटोकॉल दशहरा तक लागू रखे जाएं: ओडिशा के मुख्यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डायरिया की आशंका वाले क्षेत्रों में अपनाए जा रहे प्रोटोकॉल को दशहरा तक लागू रखने का निर्देश दिया है, हालांकि राज्य के छह जिलों में डायरिया के मामलों में कमी आई है।

भुवनेश्वर, 22 जून ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डायरिया की आशंका वाले क्षेत्रों में अपनाए जा रहे प्रोटोकॉल को दशहरा तक लागू रखने का निर्देश दिया है, हालांकि राज्य के छह जिलों में डायरिया के मामलों में कमी आई है।

अब तक कम से कम 13 लोगों की जलजनित बीमारियों से मौत हो चुकी है। जाजपुर, भद्रक, कटक, केंद्रपाड़ा, ढेंकानाल और क्योंझर जिलों में कुल 3,892 लोग डायरिया और हैजा से ग्रस्त हैं।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को छह जिलों में डायरिया की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह निर्देश जारी किया।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अब तक 3,543 मरीज बीमारी से ठीक हो चुके हैं, जबकि 254 व्यक्तियों का उपचार किया जा रहा है।

बयान में कहा गया है कि डायरिया की स्थिति अब नियंत्रण में है और नए मामलों की संख्या पूरी तरह से कम हो गई है।

स्थिति में सुधार के मद्देनजर अधिकारियों को ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत देते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक चिकित्सा सेवाओं को समन्वित तरीके से चालू रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को उन जगहों पर बीमारी से रोकथाम के उपाय करने का भी निर्देश दिया, जहां बीमारी फैलने की आशंका है। माझी ने कहा कि दशहरा के त्योहार तक सभी संवेदनशील स्थानों पर प्रोटोकॉल लागू रखा जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\