देश की खबरें | छात्र की मौत पर विरोध प्रदर्शन जारी, बंगाल के विश्वविद्यालय में 16 फरवरी तक कक्षाएं स्थगित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हरिनघाटा परिसर की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या करने वाली एक छात्रा की मौत के विरोध में जारी प्रदर्शन के कारण विश्वविद्यालय में कक्षाएं एवं आंतरिक परीक्षाएं 16 फरवरी तक स्थगित रहेंगी।

कोलकाता, 12 फरवरी पश्चिम बंगाल के मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हरिनघाटा परिसर की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या करने वाली एक छात्रा की मौत के विरोध में जारी प्रदर्शन के कारण विश्वविद्यालय में कक्षाएं एवं आंतरिक परीक्षाएं 16 फरवरी तक स्थगित रहेंगी।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने के तुरंत बाद, उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि छात्रा को घटना के तत्काल बाद हरिनघाटा के ग्रामीण अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि छात्रों का एक वर्ग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है, इसलिए प्रशासन ने 16 फरवरी तक सभी परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय किया है।

यह आरोप है कि हरिनघाटा परिसर में प्रदर्शनकारियों ने काम करने वाले दो संविदा कर्मचारियों की पिटाई कर दी । हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

छात्रा की मौत के बाद छात्रों के एक वर्ग ने दावा किया कि जब वह जमीन पर पड़ी थी, तब कोई एम्बुलेंस चालक वहां मौजूद नहीं था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें 15-20 मिनट बाद ई-रिक्शा की व्यवस्था करनी पड़ी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

एक प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा, ‘‘हम घटना की जांच करने तथा उसे अस्पताल ले जाने में हुयी देरी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं। हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित नहीं किया जाता, जिसमें एम्बुलेंस चालक भी शामिल है।’’

कार्यवाहक कुलपति तापस चक्रवर्ती ने कहा, "छात्रा को परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संभवतः उसे यह अपमानजनक लगा और उसने यह कदम उठा लिया। विश्वविद्यालय समुदाय इस घटना से स्तब्ध है और परिवार के साथ खड़ा है।"

विश्वविद्यालय में पांच फरवरी से आंतरिक परीक्षाएं चल रही थीं।

राज्य संचालित विश्वविद्यालय हाल ही में तब चर्चा में आया था जब एक वरिष्ठ महिला प्रोफेसर और एक छात्र की कक्षा के अंदर 'शादी' का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद प्रोफेसर ने विश्वविद्यालय को इस्तीफा मेल कर दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now