देश की खबरें | सोशल मीडिया पोस्ट पर विरोध: श्रीनगर में दो संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सोशल मीडिया पर एक छात्र की पोस्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के अन्य संस्थानों में भी फैलने के एक दिन बाद एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) सहित दो कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 30 नवंबर सोशल मीडिया पर एक छात्र की पोस्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के अन्य संस्थानों में भी फैलने के एक दिन बाद एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) सहित दो कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एनआईटी-श्रीनगर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अवकाश की घोषणा की जबकि इस्लामिया कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स ने आज के लिए निर्धारित सभी कक्षा कार्य और परीक्षाओं को निलंबित कर दिया।
धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर आहत करने वाली, एक छात्र की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मंगलवार को एनआईटी-श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जिसे छुट्टी पर घर भेज दिया गया है। छात्र जम्मू-कश्मीर का निवासी नहीं है।
छात्रों ने शहर के निगीन इलाके में स्थित संस्थान के दोनों गेट को बंद कर दिया और परिसर के अंदर नारे लगाए।
विरोध के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्र के खिलाफ समुदायों के बीच धार्मिक शत्रुता को बढ़ावा देने का मामला दर्ज किया है।
पोस्ट के खिलाफ बुधवार को यहां अमर सिंह कॉलेज और इस्लामिया कॉलेज में भी विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसके वीडियो कई सोशल मीडिया यूजर ने साझा किए।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), कश्मीर वी. के. बिरदी ने मंगलवार को कहा, ‘‘पुलिस को एनआईटी परिसर में छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन के बारे में सूचना मिली थी। जांच करने पर पता चला कि एक छात्र ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी। हालांकि वीडियो छात्र का नहीं था, बल्कि यूट्यूब से लिया गया था।’’
बिरदी ने कहा कि पोस्ट की सामग्री ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
आईजीपी ने कहा था, ‘‘पुलिस को एनआईटी रजिस्ट्रार से एक लिखित शिकायत मिली है जिसमें कानूनी कार्रवाई का आग्रह किया गया है। हमने कानून की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की है। जांच जारी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)