हापुड़ (उप्र), 27 जुलाई मेघालय पुलिस ने बुधवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बर्नार्ड एन मराक को अपनी हिरासत में ले लिया और उन्हें अपने साथ राज्य ले गयी। मराक को मेघालय में अपने फार्म हाऊस पर कथित रूप से वेश्यालय चलाने को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ से गिरफ्तार किया गया था।
स्थानीय पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम मेघालय से पिलखुआ पुलिस स्टेशन पहुंची और भाजपा नेता मराक को अपने साथ तुरा ले गई ।
मेघालय पुलिस ने शनिवार को पश्चिम गारो पर्वतीय जिले में पूर्व उग्रवादी नेता मराक के फार्म हाऊस पर छापा मारा था जहां से उसने छह नाबालिगों को मुक्त कराया था एवं 73 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। तब से मराक फरार चल रहे थे।
हापुड़ पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि मंगलवार को मेघालय पुलिस ने सूचना दी थी जिसके बाद वांरट के आधार पर एसओजी और पिलखुवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को मेघालय पुलिस यहां पहुंची और भाजपा नेता को लेकर मेघालय लौट गई।
मेघालय में तूरा की एक अदालत ने सोमवार को भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया था।
भाजपा, राज्य में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है।
मेघालय पुलिस ने पहले कहा था कि भाजपा उपाध्यक्ष को जांच में सहयोग करने एवं शिलांग सदर थाने में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था लेकिन वह गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे।
उग्रवादी से नेता बने मराक ने दावा किया है कि वह बेगुनाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री की बदले की राजनीति के शिकार हैं तथा उन्हें अपनी जान का भय है। प्रदेश भाजपा ने भी उनके दावे का समर्थन किया था।
आरोप का खंडन करते हुए उपमुख्यमंत्री प्रिस्टोन टिनसोंग ने मंगलवार को कहा कि सरकार पुलिस को कानून के अनुसार काम करने की छूट देती है।
मराक अब अस्तित्व में नहीं रहे सशस्त्र विद्रोही संगठन एएनवीसी (बी) के अध्यक्ष रह चुके हैं। एएनवीसी (बी) आचिक नेशनल वोलंटियर काउंसिल का पृथक धड़ा रहा है। बाद में मराक ने भाजपा का दामन थाम लिया और तूरा से जनजातीय परिषद चुनाव जीता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY