देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू किया भाजपा का सदस्यता अभियान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता के नवीनीकरण के साथ ही सोमवार को केंद्र की इस सत्तारूढ़ पार्टी के साल 2024 के सदस्यता अभियान की शुरुआत हो गई।

नयी दिल्ली, दो सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता के नवीनीकरण के साथ ही सोमवार को केंद्र की इस सत्तारूढ़ पार्टी के साल 2024 के सदस्यता अभियान की शुरुआत हो गई।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित तमाम केंद्रीय मंत्रियों, पदाधिकारियों ओर नेताओं की मौजूदगी में इस अभियान की शुरुआत की गई।

प्रधानमंत्री के बाद शाह, नड्डा और राजनाथ सिंह ने भी पार्टी द्वारा जारी किये गए मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल देकर भाजपा में अपनी सदस्यता का नवीनीकरण किया।

इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान फिर से ‘भारत विजय’ और ‘भाजपा विजय’ अभियान की शुरुआत करेगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से संगठन में नयी जान फूंकी जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि सबसे लोकतांत्रिक पार्टी भी है। कोई भी अन्य पार्टी अपने सदस्यता अभियान को भाजपा की तरह पारदर्शिता और ईमानदारी से नहीं चलाती है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता महज सदस्यता का एक अंक नहीं, बल्कि यहां कार्यकर्ता एक जीवंत इकाई, विचारधारा का वाहक, कार्य-संस्कृति का पोषक और सरकार तथा संगठन के बीच में कड़ी का भी काम करते हैं, जो सरकार को हमेशा जनता के साथ जोड़कर रखता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, साथ ही सभी राजनीतिक दलों में एक प्रकार से अनूठी पार्टी है। आज भारत के 1,500 से अधिक राजनीतिक दलों में कोई भी दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और खुलेपन के साथ हर 6 साल के बाद अपना सदस्यता अभियान नहीं चलाता है। ऐसा केवल और केवल भाजपा ही करती है।’’

रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को समाप्त किया है और आज भाजपा को सबसे विश्वसनीय पार्टी के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा अपनी विचारधारा का पालन करती रही है और समाज निर्माण के लिए काम करती है।

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक संगठन है जो लोकतांत्रिक तरीके से चलती है और अपने संविधान का पालन करती है।

विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा घर से गुप-चुप तरीके से काम नहीं करती है बल्कि पारदर्शी प्रक्रिया का पालन करती है।

नड्डा और शाह दोनों ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी इस अभियान में 10 करोड़ सदस्यों का मील का पत्थर पार कर लेगी जैसा कि इसने 2014 में पहली बार किया था।

साल 2014 में इसी तरह के सदस्यता अभियान के दौरान और उसके बाद, भाजपा ने कई राज्यों में सरकार बनाई। कुछ राज्यों में तो भाजपा ने पहली बार अपने बूते सरकार बनाई है।

गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा अभियान के दौरान हर आयुवर्ग, जाति और धर्म के लोगों को शामिल करने के लिए काम करेगी।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान बनाया और राम जन्मभूमि मुद्दे जैसे काफी समय से लंबित मामलों को हल किया।

उन्होंने संगठन महामंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही पार्टी के सदस्यता अभियान को संस्थागत रूप देने का काम किया था।

भाजपा द्वारा ‘संगठन पर्व’ के रूप में इस सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान अगले दो महीनों तक चलेगा और तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।

नड्डा ने कहा कि पहला चरण 25 सितंबर तक, दूसरा चरण एक से 15 अक्टूबर तक और तीसरा चरण 16 से 31 अक्टूबर तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि तीसरा चरण सक्रिय सदस्य बनाने का होगा और पार्टी संविधान के मुताबिक सक्रिय सदस्य ही संगठन चुनावों में भाग ले सकते हैं।

पार्टी का सदस्यता अभियान हर छह साल के बाद चलाया जाता है और भाजपा के संविधान के अनुसार सभी मौजूदा सदस्यों को भी अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Tamil Nadu Explosion: विरुधुनगर की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 18 लोगों की मौत, कई घायल (Watch Videos)

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Live Score Update: महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

KKR vs RR, IPL 2026 28th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को हराकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दर्ज की पहली जीत, रिंकू सिंह ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Live Toss And Scorecard: महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड