देश की खबरें | राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और खेल के दिग्गजों ने दी भारतीय हॉकी टीम को कांसा जीतने पर बधाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और खेल जगत के दिग्गजों ने बृहस्पतिवार को पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी।

नयी दिल्ली, आठ अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और खेल जगत के दिग्गजों ने बृहस्पतिवार को पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। पांच दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है। ’’

भारतीय हॉकी टीम ने प्लेऑफ में स्पेन को 2 . 1 से हराकर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया । भारत ने 50 साल बाद ओलंपिक में लगातार दूसरी बार पदक जीता । इसके साथ ही ओलंपिक में आठ बार की चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम का यह 13वां पदक है ।

उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। ‘वेल डन’ भारतीय हॉकी टीम। ’’

मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। ’’

उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। ’’

उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी। ’’

भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 30वें और 33वें मिनट में गोल दागा । वहीं स्पेन के लिये मार्क मिरालेस ने 18वें मिनट में गोल किया ।

इस जीत के साथ ही भारतीय हॉकी के अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया ।

गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘‘क्या शानदार प्रदर्शन। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना खेल के लिए एक नया जोश जगाएगी। आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है। ’’

देश के लिए व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने इस जीत को बेमिसाल बताया, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

2008 बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिंद्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारतीय पुरुष हॉकी टीम, हर कदम पर साहस के साथ, आपने कांस्य पदक जीता जो सोने की चमक से दमक रहा है। आप भी ने गर्व के साथ तिरंगा फहराया, हमें एक ऐसा पल देने के लिए आप सभी का धन्यवाद जो पीढ़ियों तक हमारे दिलों में गूंजता रहेगा। ’’

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह जीत भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता का सबूत है। उन्होंने कहा, ‘‘आपके असाधारएा प्रदर्शन और ‘टीम वर्क’ ने भारतीय खेलों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया। यह जीत देश के लिए गर्व का पल है और आपकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ’’

भारत के 1975 हॉकी विश्व कप विजेता कप्तान रहे अजितपाल सिंह ने पीटीआई से कहा ,‘‘ इन खेलों में भारतीय टीम ने जो एकजुटता और जुझारूपन दिखाया, वह काबिले तारीफ है । स्वर्ण पदक जीतना सपना सच होने जैसा होता लेकिन इस प्रदर्शन से भी युवाओं को हॉकी खेलने की प्रेरणा मिलेगी।’’

पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने कहा ,‘‘ इस टीम की मानसिक दृढता अलग ही तरह की है । इतनी कठिन प्रतिस्पर्धा में आप जीतें या हारें लेकिन इस तरह की मानसिक ताकत होनी चाहिये ।’

ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया ने 50 साल बाद ओलंपिक में लगातार पदक जीतने को ऐतिहासिक उपलब्धि करार करते हुए लिखा, ‘‘भारत ने 52 साल के लंबे अंतराल के बाद हॉकी में लगातार दो ओलंपिक पदक जीते हैं। ’’

महान क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्य ने इस जीत को शानदार प्रयास बताते हुए कहा, ‘‘लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बहुत बधाई। हमारे खिलाड़ियों का शानदार प्रयास। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी