देश की खबरें | असम के एकमात्र ‘रामसर स्थल’ पर पक्षियों की 95 प्रजातियों की उपस्थिति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के एकमात्र रामसर स्थल ‘दीपोर बील’ में एक पहल के दौरान 97 प्रजातियों के 26,000 से अधिक पक्षियों की उपस्थिति दर्ज की गई है। एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी, छह जनवरी असम के एकमात्र रामसर स्थल ‘दीपोर बील’ में एक पहल के दौरान 97 प्रजातियों के 26,000 से अधिक पक्षियों की उपस्थिति दर्ज की गई है। एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 2021 में पिछली पक्षी-गणना के दौरान 66 प्रजातियों के 10,289 पक्षी दर्ज किए गए थे जोकि इस बार बढ़कर 26,647 तक पहुंच गए हैं।
रामसर स्थल एक आर्द्रभूमि है, जिसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के लिए नामित किया गया है। इन आर्द्रभूमि को रामसर सम्मेलन के कड़े दिशा-निर्देशों के तहत संरक्षित किया गया है।
वन्यजीव क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ता और फोटोग्राफर उदयन बोरठाकुर ने कहा, ‘‘दीपोर बील में पक्षियों की गणना गुवाहाटी वन्यजीव प्रभाग द्वारा की गई एक अहम पहल है। इस तरह की निगरानी के माध्यम से प्राप्त पक्षी की प्रजातियों और संख्या के आंकड़े लंबे समय में संरक्षण योजना में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।’’
यह कवायद बुधवार सुबह की गई थी।
गुवाहाटी वन्य जीव प्रभाग की प्रभागीय वन अधिकारी जयश्री नैडिंग ने कहा कि पूरी आर्द्रभूमि को नौ क्षेत्रों में विभाजित किया गया था और स्वयंसेवकों एवं विशेषज्ञों ने पैदल के साथ ही नौकाओं की मदद से पक्षियों की गिनती की।
उन्होंने कहा कि पक्षियों की गणना के दौरान ‘विजुअल एनकाउंटर सर्वे’ पद्धति अपनाई गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)