जरुरी जानकारी | जीवन बीमा कंपनियों की नये कारोबार से प्रीमियम आय नवंबर महीने में 42 प्रतिशत बढ़ी: इरडा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. जीवन बीमा कंपनियों की नये बीमा कारोबार से प्रीमियम आय इस साल नवंबर में करीब 42 प्रतिशत बढ़कर 27,177.26 करोड़ रुपये रही।

नयी दिल्ली, सात दिसंबर जीवन बीमा कंपनियों की नये बीमा कारोबार से प्रीमियम आय इस साल नवंबर में करीब 42 प्रतिशत बढ़कर 27,177.26 करोड़ रुपये रही।

भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने मंगलवार को कहा कि सभी 24 जीवन बीमा कंपनियों की नये कारोबार से पहले साल की प्रीमियम आय नवंबर, 2020 में 19,159.30 करोड़ रुपये थी।

सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा कंपनी (एलआईसी) की पहले साल की बीमा प्रीमियम आय नवंबर में 32 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 15,967.51 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी माह में यह 12,092.66 करोड़ रुपये थी।

वहीं निजी क्षेत्र की 23 कंपनियों की पहले साल की प्रीमियम आय इस साल नवंबर में संयुक्त रूप से 58.63 प्रतिशत बढ़कर 11,209.75 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले नवंबर में यह 7,066.64 करोड़ रुपये थी।

इरडा के आंकड़ों के अनुसार, नये बीमा कारोबार से प्रीमियम आय चालू वित्त वर्ष 2021-22 में अप्रैल-नवंबर के दौरान 8.46 प्रतिशत बढ़कर 1,80,765.40 करोड़ रुपये रही।

हालांकि, एलआईसी की पहले साल की प्रीमियम आय 2021-22 के पहले आठ महीनों में 0.93 प्रतिशत घटकर 1,14,580.89 करोड़ रुपये रही।

दूसरी तरफ, निजी कंपनियों की पहले साल की प्रीमियम आय अप्रैल-नवंबर, 2021 के दौरान 30 प्रतिशत बढ़कर 66,184.52 करोड़ रुपये रही।

बाजार हिस्सेदारी के हिसाब से एलआईसी 63.39 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर है। निजी कंपनियों में एसबीआई लाइफ की सबसे अधिक 8.77 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी लाइफ (7.86 प्रतिशत), आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ (4.91 प्रतिशत), मैक्स लाइफ (2.36 प्रतिशत) और बजाज आलियांज लाइफ (2.62 प्रतिशत) का स्थान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\